स्वच्छता से घटा इंसेफेलाइटिस का प्रकोप: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता का महत्व गोरखपुर के लोगों से ज्यादा कौन समझ सकता। यही नहीं प्रदेश के कई अन्य पूर्वी जिले भी 40 वर्षों से इंसेफेलाइटिस का दंश झेल रहे थे। बच्चों को असमय मौत दे रही यह बीमारी साफ-सफाई अपनाने से ही यहां काबू में आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभियान अब जनआंदोलन बन गया है। लोग साफ-सफाई पर ध्यान दे रहे हैं। इससे जीवन में व्यापक बदलाव आएगा। सभी से जुटने की अपील कि किसी भी काम में सफ लता के लिए इंतजार करने से बेहतर है कि खुद पहल करें।
रैपर भी कूड़ेदान में फेकें : खन्ना
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि स्वच्छता के लिए सभी का सहयोग बहुत जरूरी है। दुनिया के कई देशों में बच्चे टाफी-चिप्स खाने के बाद उसके रैपर को तब तक पास रखते हैं जब तक उन्हें कोई कूड़ेदान न मिल जाए। यह भाव अपने जिले और प्रदेश स्वच्छ बनाने के लिए अपनाना होगा। इस मौके पर विधायक संगीता यादव, विधायक शीतल पांडेय, उपेंद्रदत्त शुक्ल, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राहुल श्रीवास्तव, मंडलायुक्त अमित गुप्ता, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, सीडीओ अनुज सिंह मौजूद रहे।
मंत्री, मेयर ने की अगुवाई
रैली में सबसे आगे चली खुली जीप में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, मेयर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल और उप सभापति जितेंद्र सैनी सवार रहे। रैली विवि परिसर, छात्रसंघ चौराहा, अंबेडकर चौक, शास्त्री चौक, चेतना तिराहा, पार्क रोड तक गई। फिर गोरखपुर विश्वविद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें करीब छह हजार विद्यार्थी शामिल हुए। बैंड की धुन के साथ रैली आगे बढ़ रही थी। बच्चों के हाथों में पोस्टर थे, जो स्वच्छता का संदेश दे रहे थे।
इन स्कूलों के विद्यार्थी
एडी गर्ल्स इंटर कालेज, दयानंद इंटर कालेज, एवरग्रीन वर्ल्ड स्कूल, संस्कृति पब्लिक स्कूल, एमपी इंटर कालेज, राष्ट्रीय इंटर कालेज, सेंट्रल एकेडमी, इमामबाड़ा गर्ल्स इंटर कालेज, आरपीएम एकेडमी, महर्षि विद्या मंदिर, सीडी कन्या जूनियर हाई स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, सेंट एंड्रयूज इंटर कालेज, एंजेलिक प्ले वे स्कूल के अलावा विभिन्न कालेजों के एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी सहभागिता की।
शहर के विकास के लिए करीब 150 करोड़ धन अवमुक्त: सीएम
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहर के विकास के लिए कई मदों में धन अवमुक्त किया गया है। नगर निगम को कान्हा उपवन के लिए 9 करोड़, पेयजल के लिए 50 करोड़, जलनिकासी के लिए 16 करोड़, सीवरेज के लिए 72 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इनके अलावा अन्य कार्यों के लिए भी धन अवमुक्त किया गया है। उन्हाेंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम जन को हर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए और हम उन सुविधाओं का उपयोग कर अपने नगर, मुहल्ले, वार्ड और अपने प्रदेश को स्वच्छ एंव सुंदर बनाये रखने में अपना योगदान भी दे सकते है।





