एशियाई खेलों से बाहर हुई वर्ल्ड चैंपियन मीराबाई चानू

भारत को 2018 एशियाई खेलों से पहले करारा झटका लगा जब वर्ल्ड चैंपियन वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने पीठ दर्द के चलते इन खेलों से हटने का फैसला किया।

एशियाई खेलों का आयोजन इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेनबैंग में 18 अगस्त से 2 सितंबर तक होगा। कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन चानू मई महीने से पीठ दर्द से परेशान चल रही थी और वे पूरी तरह से ट्रेनिंग भी शुरू नहीं कर पाई थी।

अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) के सचिव सहदेव यादव ने कहा, मीराबाई चानू एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं लेंगी और मैं इस बारे में आज सरकार को आधिकारिक रूप से मेल करूंगा। चानू ने ईमेल कर एशियाई खेलों से हटने और इस वर्ष होने वाले ओलिंपिक क्वालीफायर के लिए फिट होने हेतु समय मांगा है।

मीराबाई की अनुपस्थिति से एशियाई खेलों में भारत की पदकों की उम्मीदों को झटका लगेगा क्योंकि उन्हें स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। उन्होंने पिछले वर्ष नवंबर में अमेरिका में विश्व चैंपियनशिप में 194 किग्रा के नए विश्व कीर्तिमान के साथ स्वर्ण पदक जीता था। यह भारत का विश्व चैंपियनशिप में 22 साल में पहला स्वर्ण पदक था। उन्होंने इसके बाद गोल्ड कोस्ट में कॉमनवेल्थ गेम्स में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।

 

Back to top button