कानपुर के बाद सामने आई एक और वारदात, किशोरी का अपहरण कर मांगा डेढ़ करोड़ रूपये

उत्तर प्रदेश में कानपुर अपहरण कांड के बाद एटा जनपद से सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक किशोरी को अगवा कर लिया। उसे छोड़ने के एवज में डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी गई। शनिवार की सुबह किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। उसके हाथ-पैर बंधे मिले थे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर रही है। 

घटना थाना मारहरा के गांव नगला भजना की है। बदमाशों ने 23 जुलाई की रात 14 वर्षीय किशोरी को घर के बाहर से अगवा कर लिया था। जब किशोरी घर में नहीं दिखाई दी तो परिजनों ने तलाश की। सुबह थाने में बेटी का अपहरण होने की तहरीर दी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित पिता के मुताबिक अपहरणकर्ताओं ने फोन कर डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बाद में एक करोड़ रुपये देने की बात तय हो गई। 
खेत में पड़ी मिली किशोरी
इधर, पुलिस ने जिस नंबर से फिरौती के लिए कॉल आया था, उसे सर्विलांस पर लगा दिया। पुलिस की कई टीमें क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम के साथ किशोरी की तलाश में लगा दी गईं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। रातभर किशोरी की तलाश में जुटी रही। शनिवार की सुबह एक खेत में किशोरी बंधी पड़ी मिली। हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। 

अपहृत छात्रा के पास पिता का मोबाइल फोन था। बदमाशों ने फिरौती की बात करने के लिए उसी फोन का इस्तेमाल किया था। घटना के संबंध में सीओ सदर इरफान खान ने बताया है कि किशोरी सकुशल बरामद कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button