एक बार फिर बढ़े कोरोना के मामले, पिछले 24 घंटों में आए 1,150 नए मामले…

कोरोना के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिली है। 24 घंटों में मामलों में बड़ा उछाल आया है और नए मामलों की संख्या 1000 को पार कर गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,150 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 4 लोगों ने जान गवाईं है। कल के मुकाबले 175 मामले ज्यादा आए हैं, कल 975 नए कोरोना केस मिले थे। हालांकि करीब चार दिनों बाद नए केसों की संख्या हजार के पार गई है.
https://twitter.com/AHindinews/status/1515534195430682628?
रिकवरी के साथ एक्टिव केस बढ़े
राहत की बात ये है कि कोरोना के मामलों में इजाफा होने के साथ रिकवरी में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। बीते 24 घंटों में 954 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। वहीं कल ये संख्या 796 की थी। दूसरी ओर मंत्रालय से मिले आंकड़ों के अनुसार एक्टिव केसों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिला है। एक्टिव केसों की कुल संख्या अब 11,558 हो गई है।
वैक्सीनेशन में तेजी जारी
भारत में वयस्कों को बूस्टर डोज देने के एलान के बाद से वैक्सीनेशन की रफ्तार एक बार फिर से तेज हो गई है। राज्यों के पास कई हफ्तों तक का स्टाक भी केंद्र सरकार ने मुहैया करा रखा है। बीते 24 घंटों में 12,56,533 कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई है। अब कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा भी 1,86,51,53,593 पर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों ने कहा-डरने की जरूरत नहीं
कोरोना के बढ़ते मामलों में बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों के कोरोना से संक्रमित होने से कोई डर की बात नहीं है क्योंकि यह संक्रमण हल्का है। दिल्ली स्थित एम्स के निदेशक डा. रणदीप गुलेरिया के अनुसार बचाव के लिए सही तरीके से मास्क का उपयोग और कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना ही इसका सबसे बेहतर उपाए है।





