कोरोना की तीसरी लहर की लेकर ICMR ने दी ये बड़ी चेतावनी, कहा-अगले महीने…

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने चेतावनी दी है कि देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर जल्द ही, दो से तीन सप्ताह बाद ही आ सकती है और इसके पीछे जिम्मेदार सिर्फ लोगों की जहां-तहां उमड़ती भीड़ होगी, न कि दूसरी लहर की तरह किसी राज्य का कोई चुनाव जिम्मेदार होगा. ICMR के मुख्य संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर समीरन पांडा ने यह आशंका जताते हुए कहा है कि, लोग नहीं चेते तो अगले महीने, यानि अगस्त से देश में कोरोना की तीसरी लहर दिखाई दे सकती है.

अगले महीने आ सकती है कोरोना की तीसरी लहर 

ICMR के मुख्य संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर समीरन पांडा ने गणितीय आकलन के आधार पर आशंका जताई है कि कोरोना की आनेवाली तीसरी लहर में रोजाना के मामलों में करीब 50 फीसदी की बढ़ोत्तरी हो सकती है और अगस्त में आने वाली इस तीसरी लहर के दौरान रोजाना कोरोना के एक लाख से अधिक मामले सामने आ सकते हैं.

तीसरी लहर में कोरोना के रोजाना 50 फीसदी मामले मिलेंगे

उन्होंने ये भी कहा कि, दूसरी लहर की तुलना में यह काफी कम है, क्योंकि मई के पहले सप्ताह के दौरान देश में रोजाना चार लाख से भी अधिक मामले सामने आए थे. डॉक्टर पांडा के मुताबिक अगर कोरोना की मौजूदा स्थिति देखें तो औसतन 40 से 45 हजार मामले रोजाना सामने आ रहे हैं और इसी के हिसाब से विशेषज्ञों ने तीसरी लहर में कोरोना के नए मामलों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान जताया है.

लोगों की लापरवाही बनेगी तीसरी लहर की वजह

डॉक्टर पांडा ने कहा कि दूसरी लहर में राज्यों में विधानसभा चुनाव और कोविड सतर्कता नियमों का उल्लंघन ही बड़ी वजह बना था और इस बार भी लोगों का बेपरवाह होना, अनियंत्रित भीड़ और टीकाकरण पूरा होने से पहले सब कुछ खोलने की आजादी तीसरी लहर के मुख्य कारण बन सकते हैं. इसी वजह से कोरोना का ग्राफ बीच में ही ठहर सा गया है. लोगों की लापरवाही से कोरोना के उतार-चढ़ाव भरी इस स्थिति ने देश को ऐसी स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया, जहां से नई लहर आ सकती है.

विशेषज्ञों ने लोगों को किया है आगाह-सावधानी बरतें

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ महीने हमारे लिए मुश्किल भरे हो सकते हैं. लेकिन अब भी देर नहीं हुई है. अगर सभी मिलकर कोरोना के नियमों का पालन करें तो स्थिति नियंत्रण में आ सकती है. अब भी देश दूसरी लहर से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अगर लोगों ने साथ नहीं दिया तो जल्द ही तीसरी लहर आ जाएगी.

Back to top button