राम मंदिर के मुद्दे पर तोगड़िया ने PM मोदी और RSS प्रमुख भागवत पर साधा निशाना

विश्व हिंदू परिषद् के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर अयोध्या में राम मंदिर बनाने के वादे को पूरा नहीं करने के आरोप लगाए. तोगड़िया ने यह कहने के लिए भागवत की आलोचना की कि ‘‘हिन्दू राष्ट्र का मतलब यह नहीं है कि यहां मुस्लिमों के लिए स्थान नहीं है.’’ भागवत ने इस वर्ष सितम्बर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तीन दिवसीय व्याख्यान के दौरान यह बयान दिया था . भागवत ने कहा था, ‘‘हिंदू राष्ट्र का यह मतलब नहीं है कि मुस्लिमों के लिए कोई स्थान नहीं है.
जिस दिन ऐसा कहा जाएगा, हिंदुत्व का कोई मतलब नहीं रह जाएगा. हिंदुत्व में वसुधैव कुटुम्बकम की बात की जाती है.’’ तोगड़िया ने रविवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं पूछना चाहता हूं कि क्या गौ हत्यारों, लव जिहादियों, कश्मीर के पत्थरबाजों और पाकिस्तानी झंडे फहराने वालों के बिना हिंदुत्व नहीं बचेगा.’’
तोगड़िया ने कहा, ‘‘हम 52 वर्ष पहले आरएसएस में यह जानकर शामिल हुए थे कि यह हिंदू संगठन है. लेकिन अब हमें महसूस होता है कि यह केवल मुस्लिम समुदाय के हितों के लिए चिंतित है.’’ विहिप के पूर्व नेता ने आरोप लगाए कि आरएसएस अयोध्या में राम मंदिर बनाने में रूचि नहीं रखता है.





