दिल्ली में नहीं लगेगा अब दोबारा लॉकडाउन, लेकिन मास्क पहनना जरूरी

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में दोबारा लॉकडाउन नहीं होगा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने यह कह कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। जैन ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि पुन: लॉकडाउन लगाना प्रभावकारी कदम होगा,  सभी का मास्क पहनना ज्यादा फायदेमंद होगा।

सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर का पीक गुजर चुका है तीसरी लहर अब धीरे-धीरे कम हो रही है। जून में पॉजिटिविटी रेट औसतन 37% थी। तीसरी लहर में औसतन पॉजिटिविटी रेट 15 है, जो अब धीरे-धीरे कम हो रही है।  जैन ने कहा कि कल दिल्ली में 3235 पॉजिटिव केस सामने आए थे। 7606 मरीज ठीक हुए थे। 95 मौतें हुईं थीं। अभी दिल्ली में 8700 बेड भरे हुए हैं और 7900 खाली हैं। 

आपको बता दें कि दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 3235 संक्रमितों की पुष्टि हुई थी। जबकि संक्रमण से 95 लोगों ने दम तोड़ा था। राजधानी में रविवार को 21098 जांच की गई थीं। इसमें 9221 आरटी-पीसीआर जांच और 11877 रैपिड एंटीजन जांच शामिल थीं। दिल्ली में अभी पॉजिटिविटी रेट 15.33 प्रतिशत है। रविवार को 7606 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया था। 

दिल्ली में अब तक कुल 54,49,570 जांच की गई हैं। राजधानी में अब तक कुल 4,85,405 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें से 4,37,801 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस की वजह से अब तक कुल 7614 मरीजों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी कुल 39,990 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 27089 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राजधानी में कंटेनमेंट जोन की कुल संख्या 4358  हो गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button