अभी भी वक्त है, नीतीश भाजपा छोड़ इधर आ जाएं: आप नेता संजय सिंह

पटना। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह दी है कि अब भी समय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा छोड़ विपक्षी एकता में शामिल हो जाएं, क्योंकि 2019 में केंद्र से नरेंद्र मोदी सरकार का जाना तय है।उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार को जिस प्रकार भाजपा से लोकसभा चुनाव में सीट पाने के लिए अनुरोध व विनती करनी पड़ रही है वह दुखद है।अभी भी वक्त है, नीतीश भाजपा छोड़ इधर आ जाएं: आप नेता संजय सिंह

उन्होंने कहा कि नोटबंदी के नाम पर भाजपा ने अपने कालेधन को सफेद कर लिया। झारखंड में स्वामी अग्निवेश के साथ हुई मारपीट के मामले में संजय सिंह ने कहा कि भारत माता का नारा लगा कर 80 साल के स्वामी अग्निवेश को पीटा जाता है, गो रक्षा के नाम पर अकबर जैसे निर्दोष की हत्या की रही है।

आप नेता ने कहा कि देश में भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। संख्या बल पर शुक्रवार को संसद में मोदी सरकार भले जीत गई, लेकिन 2019 में जन बल पर समूचा विपक्ष मिल कर मोदी सरकार को परास्त करेगा।आम आदमी पार्टी की बिहार की राजनीति में भूमिका पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए दो दिनों तक बैठक होगी। इसमें संगठन विस्तार पर चर्चा होगी।

बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाएं, लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था बदहाल है। शिक्षा की स्थिति ठीक नहीं है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसानों को सहायता नहीं मिल रही है। केंद्र और राज्य सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ आप राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।

संजय सिंह ने बेगूसराय में भाजपा कार्यालय के लिए जमीन हड़पने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में सच्चिदानंद सिंह की जमीन किसी दूसरे व्यक्ति से भाजपा कार्यालय के लिए लिखवा ली गई। स्थानीय दारोगा ने भी रिपोर्ट में कहा है कि जमीन सच्चिदानंद सिंह की है, जो दूसरे व्यक्ति से गलत तरीके से लिखवाई गई है। मुख्यमंत्री को इसका संज्ञान लेना चाहिए।

Back to top button