NIT उत्तराखंड के मामले दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई आज
एनआईटी उत्तराखंड के मामले में दाखिल जनहित याचिका (पीआईएल) पर आज नैनीताल हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश रमेश रंगनाथन की अदालत में सुनवाई होगी। सुमाड़ी निवासी समाजसेवी मोहन काला ने गत नवंबर माह में जनहित याचिका दाखिल की थी। 
दरअसल वर्ष 2012 में श्रीनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर सुमाड़ी सहित अन्य गांव के लोगों ने एनआईटी के स्थायी कैंपस निर्माण के लिए नापभूमि दान में दी थी। यहां नापभूमि और सरकारी भूमि मिलाकर लगभग 300 एकड़ जमीन तकनीकी शिक्षा समिति को ट्रांसफर की गई थी, लेकिन वर्ष 2012 में तीन सदस्यीय कमेटी ने इस भूमि को अनुपयुक्त बता दिया। तब से भूमि चयन का मामला लंबित है और इसी वजह से आज तक एनआईटी का निर्माण नहीं हुआ है।
समाजसेवी मोहन काला का कहना है कि वर्ष 2012 में एनआईटी की ओर से गठित कमेटी ने गलत रिपोर्ट दी है। तीन सदस्यीय इस कमेटी में तत्कालीन निदेशक के दो परिचित थे और निदेशक नहीं चाहते थे कि पहाड़ में एनआईटी बने, इसलिए उन्हीं के अनुसार रिपोर्ट तैयार हुई।





