NCR में मौसम का यू-टर्न, बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठंड

नई दिल्ली। NCR में बारिश की शुरुआत सोमवार शाम से हो गई थी। मंगलवार देर रात से फिर बादल बरसने लगे, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में सड़कों पर पानी भरा हुआ भी नजर आ रहा है। राजधानी का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 11.5 डिग्री तक रहा जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है।
ये भी पढ़ें :-दिल्ली कांग्रेस में शीला दीक्षित की ताजपोशी के निहितार्थ, एकजुटता का दिया संदेश
जानकारी के मुताबिक तेज हवाओं की वजह से लोगों को सर्दी का फिर से एहसास होने लगा। मौसम विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक इस बार पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने के कारण अच्छी बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हवा की दिशा में भी बदलाव हुआ है। पहले हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर से थी। ठंडी हवा के पीछे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर था।
ये भी पढ़ें :-राष्ट्रपति-पीएम को चिट्ठी लिख मांगी छुट्टी, कहा – पत्नी की हत्या कर अंतिम संस्कार करना है
जानकारी के मुताबिक रविवार को तापमान ने कई रेकार्ड तोड़ दिए थे, तापमान 28.7 डिग्री तक जा पहुंचा था। पिछले 12 सालों में जनवरी में कभी इतना टेंपरेचर नहीं रहा। सोमवार को सबसे अधिक बारिश पालम में 2.8 एमएम, सफदरजंग में 1.2 एमएम, लोदी रोड में 0.8 एमएम, रिज और आया नगर में 0.6 एमएम हुई। इस बार बारिश की कमी की वजह से दिल्ली में कोहरा भी नहीं पड़ा है।





