राष्ट्रव्यापी बंद को समर्थन, राजधानी के बाजारों में छाया सन्नाटा

भोपाल : केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ  कंफेडरेशन ऑफ  ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आह्वान पर वालमार्ट-फ्लिपकार्ट सौदे के खिलाफ आज राष्ट्रव्यापी व्यापार बंद से राजधानी के दो दर्जन व्यापारियों संगठनों ने समर्थन स्वरूप 22000 से अधिक प्रतिष्ठानों में ताले जड़े रहे। दुकानों नहीं खुलने से नए-पुराने भोपाल के बाजारों में सन्नाटें का माहौल रहा। बंद के समर्थन में व्यापारियों की लामबंदी से शहरभर में करीब 5 सौ करोड़ रुपए से कारोबार प्रभावित होने के अनुमान है तो मध्यप्रदेश के बाजारों में भी बंद का व्यापक असर दिखा। बंद के चलते राजधानी के सभी थोक बाजार,कृषि उपज मंडी, दवा बाजार, लोहा बाजार, सर्राफा चौक बाजार, मिठाई की दुकानें सहित विभिन्न ट्रेडों की प्रतिष्ठानों में ताले जड़े नजर आए।  

भोपाल मंडी में 2 करोड़ और प्रदेशभर की मंडियों में 400 करोड़ का अनाज कारोबार प्रभावित
भारत व्यापार बंद के समर्थन में आज भोपाल सहित प्रदेशभर की मंडियां बंद है। भोपाल ग्रेन मर्चेन्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश ज्ञानचंदानी के अनुसार सीजन नई सोयाबीन फसल की आवक का है। व्यापार बंद  होने राजधानी की मंडी में दो करोड़ और प्रदेश भर की 257 कृषि उपज मंडियों में करीब 400 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित होगा।  

5 करोड़ का सर्राफा व्यवसाय ठप
बंद के समर्थन आज राजधानी का सर्राफा चौक बाजार सहित शहर भर के ज्वैलर्स ने अपनी दुकानें बंद रखी। भारत व्यापार बंद से शहर में करीब 3 करोड़ का ज्वैलरी व्यवसाय प्रभावित होना बताया जा रहा है।

नहीं बिकी 50 लाख का मिठाई  
एफडीआई सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर शहर की छोटी-बड़ी एक हजार से अधिक मिठाई,हलवाई की दुकानें बंद रही। जिससे राजधानी में इस सेक्टर में होने वाला करीब 50 लाख रुपए का व्यवसाय प्रभावित हुआ।

हड़ताल की चपेट में 100 करोड़ का किराना व्यवसाय  
किराना व्यापारी महासंघ के उपाध्यक्ष अनुपम अग्रवाल के अनुसार राजधानी के सभी बाजार  एफडीआई, ऑनलाईन व्यापार के विरोध में आज बंद है। आज दाल, शकर, तेल,किराना, जुमेराती, हनुमानगंज, एमपी नगर सहित सभी जगहों के व्यापार- व्यवसाय का कामकाज पूर्णत: ठप्प रहा। भारत बंद का प्रदेश में व्यापक असर है। कामकाज ठप्प होने से राजधानी भोपाल में 100 करोड़ का किराना व्यवसाय प्रभावित होगा। जबकि प्रदेशभर हजारों करोड़ का किराना सामान की बिक्री आज नहीं होगी।  

15 करोड़ से अधिक का दवा कारोबार बंद
ई-फार्र्मेसी, ऑनलाइन व्यापार, एफडीआई और जीएसटी में व्याप्त विसंगतियों के खिलाफ  भोपाल, मध्यप्रदेश सहित देशभर में दवा व्यापार बंद है। भोपाल में दवा का थोक व्यापार करने वाले 700 थोक व्यापारियों और 2200 से अधिक रिटेल मेडिकल दुकानें हैं। दवा कारोबारी के मुताबिक कैट द्वारा आहुत इस आंदोलन में समर्थन स्वरूप दवा बाजार बंद होने से भोपाल में 15 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है।

लोहा व्यापार पर 3 करोड़ का असर
भारत बंद में लामबंद शहर 150 लोहा व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें नहीं खोली। लोहा व्यापारी निर्माता संघ के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल अजीज के अनुसार भारत बंद को लोहा व्यापारियों का पूर्ण समर्थन है। कामकाज पूर्णत: ठप्प होने से शहर होने वाला करीब 3 करोड़ रुपए का व्यवसाय प्रभावित होगा।

न्यूमार्केट में 3 करोड़ का व्यापार ठप
वालमार्ट-फ्लिपकार्ट सौदे सहित अन्य मुद्दों के खिलाफ न्यूमार्केट के व्यापारियों ने स्वेच्छा बाजार बंद में समर्थन देते हुए आज अपनी दुकानेंं नहीं खोली। न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष के सतीष गंगराड़े के अनुसार बाजार बंद होने से आज मार्केट में करीब 3 करोड़ कारोबार प्रभावित होगा।  

ट्र्रांसपोर्ट सेक्टर में 30 करोड़ का व्यापार प्रभावित
डीजल-पेट्रोल मूल्यवृद्धि के परेशान ट्रांसपोर्टरों भारत व्यापार बंद का पुरजोर समर्थन करते हुए 20 हजार से अधिक ट्रकों का चक्काजाम कर दिया है। ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनीज के अध्यक्ष ठाकुर लाल राजपूत के अनुसार शहर ही नहीं प्रदेशभर के ट्रांसपोर्टर कैट के इस आंदोलन में साथ है। बंद के चलते सुबह से ही माल परिवहन का कार्य पूर्णत: बंद है। किसी भी प्रकार के माल की बुकिंग नहीं हो रही है। कारोबार ठप होने से प्रदेशभर में 30 करोड़ का ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित होगा।

Back to top button