MS धोनी तीसरे वन-डे में बनाएंगे स्पेशल रिकॉर्ड! सिर्फ तेंदुलकर-द्रविड़ ही रहेंगे उनसे आगे

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा वन-डे खेलकर एक खास उपलब्धि अपने खाते में जोड़ ली है। वह टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा वन-डे खेलने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। धोनी ने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए 334 वन-डे खेले। उन्होंने इसी के साथ पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन (334) के रिकॉर्ड की बराबरी की।
धोनी सोमवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वन-डे में उतरते ही अजहरूद्दीन के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। फिर वह टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा वन-डे खेलने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे।
बता दें कि टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा वन-डे मैच खेलने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज हैं। तेंदुलकर ने 463 वन-डे खेले हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ काबिज हैं। द्रविड़ ने 340 वन-डे खेले हैं। वैसे, धोनी के पास विश्व कप तक द्रविड़ के रिकॉर्ड को तोड़ने का भी सुनहरा मौका होगा। द्रविड़ को पीछे छोड़ने के लिए धोनी को महज 6 वन-डे की दरकार है।
वैसे, धोनी के अंतरराष्ट्रीय वन-डे मैचों की संख्या कुल 337 है। मगर उन्होंने टीम इंडिया की तरफ से 334 वन-डे ही खेले हैं। तीन मैच उन्होंने एशिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले। बहरहाल, भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वन-डे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
टीम इंडिया ने पहले वन-डे में मिली 8 विकेट की जीत वाली टीम को ही दूसरे वन-डे में भी बरकरार रखा। न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में दो बदलाव किए। हालांकि, इससे अंतर पैदा नहीं हुआ क्योंकि विराट ब्रिगेड ने 90 रन के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।





