MP: त्विषा शर्मा मौत मामले में भोपाल कोर्ट का बड़ा फैसला

त्विषा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने समर्थ की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। वहीं, त्विषा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।
पुलिस ने क्या कहा था?
बता दें कि त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को पुलिस हिरासत में लिए जाने पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि सबसे पहले उनका मेडिकल कराया जाएगा और कोर्ट से पीआर (पर्सनल रिकॉग्निजेंस बॉन्ड) लिया जाएगा। हम सात दिन की रिमांड मांगेंगे। उन्हें देर रात लाया गया था, इसलिए कुछ प्रक्रियाओं में समय लग रहा है। आगे उनसे पूछताछ की जाएगी, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
भोपाल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जब उनसे विस्तार से पूछताछ होगी और यदि यह सामने आता है कि फरारी के दौरान किसी ने उन्हें शरण दी थी, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, वह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे थे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने की अनुमति नहीं दी। इस बीच मेरी टीम भी वहां मौजूद थी। इसके बाद मेरी टीम ने जबलपुर पुलिस की मदद से उन्हें हिरासत में ले लिया।
मेकअप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया
त्विषा शर्मा के आखिरी मेकअप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही है। वीडियो में वह सामान्य और रिलैक्स दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है। ब्यूटी पार्लर त्विषा के ससुराल से करीब 100 मीटर दूर बताया गया है। उधर, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित त्विषा के घर के उस हिस्से की तस्वीर भी सामने आई है, जहां उसका शव मिला था।
मीडिया से बचते हुए समर्थ सिंह को मेडिकल जांच के लिए भेजा
भोपाल पुलिस मीडिया से बचते हुए समर्थ सिंह को मेडिकल जांच के लिए जेपी अस्पताल ले गई। इसके बाद दोपहर करीब पौने तीन बजे उसे सीधे भोपाल जिला अदालत पहुंचाया गया। यहां भी पुलिस ने मीडिया से बचाने के लिए आरोपी को अदालत के पीछे स्थित गेट नंबर-3 से अंदर प्रवेश कराया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि दहेज हत्या मामले के विभिन्न पहलुओं, मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच में शामिल अन्य बिंदुओं को लेकर पूछताछ के लिए समर्थ सिंह को रिमांड पर लिया गया है।





