एक रात के 15 हजार रुपये में किया गया नाबालिग का सौदा

अंबाला। दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण मामले की अंबाला पुलिस ने पड़ताल की तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपितों ने एक लड़की को लुधियाना में बेच दिया था, जबकि एक का एक रात के लिए 15 हजार रुपये में सौदा किया था। दोनों लड़कियों को बरामद कर दिया गया है। लड़कियां मूलरूप से नेपाल की रहने वाली हैं।एक रात के 15 हजार रुपये में किया गया नाबालिग का सौदा

एक साथ दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण की तफ्तीश में जुटी पुलिस को साइबर सेल की मदद से सुराग मिले और पहले यमुनानगर के तेजपाल व माही भाटिया को गिरफ्तार कर एक लड़की बरामद की, जबकि दूसरी लड़की लुधियाना से बरामद की। पुलिस ने इस मामले कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। आरोपितों को अब कोर्ट में पेश कर उनका पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

पूछताछ में माही ने बताया कि अपने ससुराल से वह आधार कार्ड बनवाने का बहाना बनाकर लुधियाना अपने मायके गई थी। एक जुलाई की रात दोनों नाबालिग लड़कियों को ढाबा रोड करतार चौक लुधियाना में अपनी दीदी के आवास में रखा था । वहां पर बड़ी लड़की का सौदा 2 जुलाई को हो गया। मगर यह नहीं पता चला कि उसे कितने में बेचा था। छोटी लड़की का सौदा लुधियाना में तय नहीं हुआ था। इसीलिए माही ने चारों आरोपितों से बातचीत की। उस समय चारों में से तीन आरोपित चंडीगढ़ में थे। माही ने उन्हें लड़की के बारे में बताया और सौदा 15 हजार में एक रात के लिए तय हो गया।

ऐसे पकड़े गए आरोपित

माही लुधियाना से छोटी लड़की को लेकर चली और आरोपित पवन को खुड्डा कलां में बुलाया। पवन ने तेजपाल को मौके पर पहुंचने के लिए बुला लिया। तेजपाल बाइक पर आया और माही लड़की को लेकर जैसे ही पहुंची तो पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लड़की को भी बरामद कर लिया। अन्य तीन आरोपितों को केडी अस्पताल के पास पुलिस ने पकड़ लिया। उधर, गिरफ्तार माही से पूछताछ कर लुधियाना में बेची गई दूसरी बड़ी लड़की को भी बरामद कर लिया, लेकिन सुमन मौके से फरार हो गई। डीएसपी सुरेश कौशिक का कहना है कि पुलिस ने यमुनानगर के कृष्ण, तेजपाल, पवन, विक्रम और माही भाटिया को गिरफ्तार किया है। मानव तस्करी व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सुमन दीदी व अन्य की तलाश जारी है।

Back to top button