MI का कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा ने हार्दिक पांड्या पर साधा निशाना!

 अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल का खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा एक बार फिर यह जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं। मुंबई ने शुक्रवार को रोहित को दोबारा अपना कप्तान बनाने की घोषणा की है। रोहित ने इस पर खुशी जाहिर की है साथ ही बीते तीन सीजनों में टीम की कप्तानी करने वाले हार्दिक पांड्या पर भी निशाना साधा है।

पांड्या साल 2022 में गुजरात टाइटंस चले गए थे। 2024 में वह मुंबई इंडियंस में लौटे वो भी बतौर कप्तान। इसके बाद टीम दो खांचों में बंटी नजर आई। टीम में पांड्या और रोहित के बीच अनबन की खबरें भी थीं। इसके अलावा मुंबई की टीम उस तरह का खेल भी नहीं दिखा पा रही थी जिसके लिए वो जानी जाती थी। इस साल मुंबई ने पांड्या को पंजाब किंग्स से अर्शदीप सिंह के बदले ट्रेड किया है और रोहित को दोबारा कप्तानी सौंपी है।

हो रहा था दुख

फ्रेंचाइजी के मैनेजमेंट की सोच है कि टीम अपने पुराने दिनों में लौटे। रोहित भी यही चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि बीते कुछ सीजनों में टीम की स्थिति देख उन्हें दुख हो रहा था। उन्होंने कहा कि टीम के खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे थे और इसी कारण टीम की हालत खराब थी।

मुंबई इंडियंस द्वारा जारी किए गए इंटरव्यू में रोहित ने कहा, “तीन सीजनों में मुंबई सबसे निचले पायदान पर रही जिसमें से एक मेरी कप्तानी के दौरान था 2022 में और फिर 2024, 2026 में। मुंबई इसके लिए नहीं जानी जाती थी। बीते कुछ सालों से हम नीचे ही थे। हमने अच्छे से प्रतिस्पर्धा नहीं की।”

उन्होंने कहा, “निराशा क्वालिफिकेशन की नहीं है, बल्कि इस बात की है कि हम ठीक से खेल नहीं रहे थे। जो जिम्मेदारियां थीं लोगों के पास वो ठीक से निभा नहीं रहे थे।”

सभी थे निराश

रोहित ने कहा कि टीम के निराशाजनक प्रदर्शन ने कई खिलाड़ियों को परेशान कर दिया था और इसी बात ने रोहित को यह सोचने पर मजबूर किया कि इस टीम को दोबारा कैसे बनाया जाए। उन्होंने कहा, “जैसे ही आईपीएल खत्म होता था, हमारा सीजन काफी निराशाजनक था। सिर्फ मैं नहीं बल्कि कई खिलाड़ी इस बात से परेशान थे कि हम किस तरह से खेल रहे हैं। जाहिर सी बात है कि अगर आप अच्छा नहीं खेलते हो, आपकी टीम अच्छा नहीं खेल रही है तो आपको बुरा तो लगेगा।”

Back to top button