महानगर अध्यक्ष से मारपीट, महानगर मंत्री को किया निष्कासित

भाजयुमो महानगर अध्यक्ष श्याम पंत के साथ बुधवार को महानगर कार्यालय में हाथापाई की नौबत आ गई। यह आरोप महानगर के मंत्री (अब संगठन से निष्कासित) हिमांशु पुंडीर पर लगाया गया है। संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने और अध्यक्ष के साथ अभद्रता के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया।
बुधवार को जारी प्रेस बयान में महानगर अध्यक्ष श्याम पंत ने आरोप लगाया कि हिमांशु पुंडीर आम आदमी पार्टी की नामांकन रैली में शामिल रहे और इसके अलावा भी उनकी संलिप्तता पार्टी विरोधी अन्य गतिविधियों में पाई गई। इसको लेकर संगठन ने हिमांशु से किनारा भी कर लिया था। बताया जा रहा है कि बुधवार को जब हिमांशु महानगर कार्यालय में प्रवेश कर रहे थे तो अध्यक्ष श्याम पंत ने उन्हें रोक दिया।
इसको लेकर दोनों में कहासुनी भी हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। महानगर महामंत्री राजेश रावत ने बीच-बचाव कर किसी तरह हिमांशु को कार्यालय से बाहर किया। इसके बाद देर शाम महानगर अध्यक्ष श्याम पंत ने हिमांशु पुंडीर को छह साल के लिए निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया।





