विवेक हत्याकांड पर मायावती का पलटवार, योगी सरकार में ब्राह्मणों का हो रहा है शोषण

विवेक तिवारी हत्याकांड को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रदेश की योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में प्रदेश के ब्राह्मणों का शोषण हो रहा है। पूरे प्रदेश में भय का माहौल व्याप्त है। हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, लेकिन सरकार सिर्फ खानापूर्ति कर रही है।विवेक हत्याकांड पर मायावती का पलटवार, योगी सरकार में ब्राह्मणों का हो रहा है शोषण

मायावती लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही थीं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। अब तक अफसरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अगर मैं मुख्यमंत्री योगी की जगह होती तो अब तक अफसरों के खिलाफ एक्शन ले लेती।

योगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मदद का आश्वासन दिया। ऐसा करके सरकार किसी तरह मामले को दबाना चाहती है। सिर्फ इतना करने से ही काम नहीं चलेगा। जब प्रदेश की राजधानी में ये हाल है तो पूरे प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मायावती ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश में अब कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं है। चुनाव में भाजपा ने सपने दिखाए थे कि कानून का राज स्थापित होगा लेकिन हर वादे की तरह ये भी हवाहवाई साबित हुआ।

मायावती ने कहा कि हमने सतीश चंद्र मिश्रा जी को पीड़ित परिवार से मिलने भेजा है। सतीश वकील हैं। अगर परिवार चाहे तो वह (सतीश) मामले की पैरवी करने के लिए भी तैयार हैं।

Back to top button