मायावती का बड़ा बयान, कहा- दिग्विजय सिंह जैसे नेता नहीं होने दे रहे कांग्रेस-बसपा का गठबंधन

भाजपा खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता की पहल पर बसपा सुप्रीमों मायावती ने पानी फेर दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गठबंधन न होने के लिए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह जिम्मेदार है। हालांकि सोनिया गांधी और राहुल गठबंधन चाहते थे।मायावती का बड़ा बयान, कहा- दिग्विजय सिंह जैसे नेता नहीं होने दे रहे कांग्रेस-बसपा का गठबंधन

मायावती ने दिग्विजय को भाजपा का एजेंट बताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी बसपा से गठबंधन के पक्ष में हैं लेकिन पार्टी के वरिष्ठ व स्वार्थी नेता ऐसा नहीं चाहते। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने बयान दिया था कि बसपा मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस से इसलिए गठबंधन नहीं करना चाहती क्योंकि मायावती सीबीआई से डरती है। जिसका जवाब आज मायावती ने दिया।

मायावती ने कांग्रेस की मंशा पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस, भाजपा को सत्ता से हटाने की बात तो करती है लेकिन इस पर अमल नहीं करती। जब चुनाव निकल जाते हैं तो बयानबाजी ही करती रह जाती है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन इसने दलितों, आदिवासियों व अल्पसंख्यकों के लिए कुछ नहीं किया। यहां तक कि केंद्र की सत्ता में रहने पर बसपा को कमजोर करने के लिए मुझे ताज कॉरिडोर मामले में भी फंसाया लेकिन बसपा किसी के हाथों का खिलौना नहीं बनना चाहती। मायावती ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, भाजपा के कारण अल्पसंख्यकों को टिकट देने में कटौती कर सकती है पर बसपा ऐसा नहीं करेगी।

मायावती ने कहा कि कांग्रेस अहंकार नहीं छोड़ना चाहती। उन्हें लगता है कि वो अकेले ही भाजपा को हरा देगी, लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। कांग्रेस अपनी गलतियों को सुधारना नहीं चाहती।

Back to top button