मलिक की बड़ी चेतावनी: जाट आंदोलन होगा तेज, हिसार में 22 को करेंगे मुख्यमंत्री का घेराव

अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा कि समिति के सदस्य 22 सितंबर को हिसार में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाकर घेराव करेंगे। यदि इस बार हमला या अभद्रता हुई तो उसी समय आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमवार को जसिया में प्रेस वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह हिसार में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का कार्यक्रम था। समिति के सदस्य कार्यक्रम में अपना विरोध जताने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस के संरक्षण में असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया था। इसमें पुलिस की भी मिलीभगत थी।

आरोप लगाया कि वित्तमंत्री की शह पर यह हमला हुआ था। बाद में पुलिस ने दबाव में रात के समय अज्ञात पर केस दर्ज किया था। ऐसी हरकत कर सरकार जाट समाज को बदनाम करना चाहती है। अब सरकार को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 22 सितंबर को हिसार में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम का बड़े स्तर पर घेराव किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पुलिस के संरक्षण में दोबारा ऐसी घटना हुई तो उसी समय आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो वहीं पर धरना देकर बैठ जाएंगे।

Back to top button