प्यार में ‘लुटेरी’ बनी महिला, पहले प्रेमी ने लूटा…

कहा जाता है कि प्यार अच्छे-भले इंसान को भी दीवाना बना देता है. वो सामने मौजूद सच को भी नहीं देख पाते और उनकी अक्ल पर मानो पर्दा पड़ जाता है. वैसे ये बात कोई गलत भी नहीं है. पड़ोसी देश चीन से जो घटना सामने आई है, उसे सुनकर आप भी मान लेंगे कि प्यार में इंसान अंधा हो जाता है. दिलचस्प तो ये है कि मोहब्बत में ज़िंदगी लड़के की नहीं बल्कि प्रेमिका की बर्बाद हुई है.

प्यार में लोग अपना घर-बार लुटा देते हैं लेकिन शायद ही आपने कभी सुना हो कि कोई मोहब्बत में लुटेरा बन जाए. आज आपको एक जिस महिला की कहानी बताते हैं, उसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 40 साल की एक महिला के साथ ऐसा फ्रॉड हुआ, जिसमें उसका आर्थिक और भावनात्मक नुकसान भी हुआ है.

पहले लुटी प्रेमी के हाथों …
घटना शंघाई की है, जहां की रहने वाली महिला की मुलाकात चेन नाम के एक शख्स से ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर हुई. चेन ने महिला को इतना इम्प्रेस कर लिया कि उसने प्रेमी के कहने पर एक इंवेस्टमेंट अकाउंट में बड़ा अमाउंट इंवेस्ट कर दिया. चेन ने दावा किया कि उसे यहां पर हाई रिटर्न्स मिलेंगे. जब महिला अपने ही पैसे निकाल नहीं पाने लगी, तो उसे पता चल गया कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है. अजीबोगरीब ये रहा कि चेन ने उसे समझाया कि वो खुद म्यांमार के एक स्कैमिंग नेटवर्क में फंसा हुआ है, जिसमें उसे अपना कोटा पूरा करना ही है. जैसे ही ये पूरा होगा वो चीन वापस आ जाएगा.

मोहब्बत ने लुटेरा बनाया
महिला की आंखों पर प्यार की पट्टी कुछ यूं चढ़ी हुई थी कि प्रेमी के फ्रॉड होने की जानकारी होने के बाद भी वो उसके साथ रही. इतना ही नहीं वो उसका कोटा पूरा करने के लिए लोगों को लूटने में उसकी मदद भी करती थी. चूंकि पैसों का लेन-देन उसके ही अकाउंट से हो रहा था, ऐसे में एक फ्रॉड केस में पुलिस ने ये अकाउंट ट्रेस कर लिया. जब वो पकड़ी गई, तब ये पूरी कहानी उसने पुलिस को सुनाई. चूंकि वो खुद भी स्कैम का शिकार हुई थी, ऐसे में उसे सिर्फ ढाई साल की सज़ा दी गई और जुर्माना भरने के लिए कहा गया. अब ये कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

Back to top button