Lok Sabha Elections 2019 : बिहार BJP ने घोषित किए 17 प्रत्‍याशी, गिरिराज की सीट बदली, शॉटगन आउट

पटना। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर बिहार में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तस्‍वीर साफ हो चुकी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने सभी 17 उम्‍मीदवारों के नाम पर मुहर लगा दी है। लिस्‍ट से भाजपा के प्रवक्‍ता शाहनवाज हुसैन तथा पटना साहिब के सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा के नाम नहीं है, जबकि गिरिराज सिंह की सीट बदल दी गई है। इसकी औपचारिक घोषणा भाजपा शनिवार को राजग नेताओं के साथ पटना में करेगी। इसके पहले राजग के सभी घटक दल अपनी सीटों की लिस्‍ट जारी कर चुके हैं।
भाजपा ने बिहार के किए प्रत्‍याशी फाइनल
दिल्‍ली में गुरुवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार के सभी 17 प्रत्‍याशियों के नाम फाइनल कर दिए, हालांकि नामों को जारी नहीं किया। प्रदेश स्‍तर पर इस सूची को राजग शनिवार को जारी करेगा।
शॉटगन आउट, गिरिराज की बदली सीट
सूची की बात करें तो पटना साहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का नाम काट दिया गया है। बताया जा रहा है कि पटना साहिब से केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद चुनाव लड़ेंगे। शत्रुघ्न सिन्हा के 24 मार्चको कांग्रेस में शामिल होने व महागठबंधन से पटना साहिब से ही चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही है, हालांकि अभी तक वे भाजपा में ही हैं। दूसरी ओर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह के क्षेत्र नवादा को पार्टी ने बदलकर बेगूसराय कर दिया है।
शाहनवाज के चुनाव लड़ने पर लगा ग्रहण
राजद नेता शहाबुद्दीन के प्रभाव वाले सिवान संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सिटिंग सांसद ओमप्रकाश यादव का पत्‍ता कट गया है। भाजपा की एक और बड़ी सीट भागलपुर जदयू को दे दिए जाने के बाद शाहनवाज हुसैन के चुनाव लड़ने पर ग्रहण लग गया है।
बिहार के संभावित भाजपा प्रत्याशियों की सूची

पश्चिम चंपारण: संजय जायसवाल
पूर्वी चंपारण: राधा मोहन सिंह
शिवहर: रमा देवी
मुजफ्फरपुर: अजय निषाद
उजियारपुर: नित्यानंद राय
दरभंगा: गोपाल जी ठाकुर
मधुबनी: अशाेक यादव
अररिया: प्रदीप सिंह
बेगूसराय: गिरिराज सिंह
पटना साहिब: रविशंकर प्रसाद
पाटलिपुत्र: रामकृपाल यादव
सारण: राजीव प्रताप रूडी
महाराजगंज: जनार्दन प्रसाद सिग्रीवाल
आरा: राजकुमार सिंह
बक्सर: अश्विनी कुमार चौबे
सासाराम: छेदी पासवान
औरंगाबाद: सुशील सिंह

पहले ही हो चुकी सीटों की घोषणा
राजग में भाजपा के साथ उसके सहयोगी दलों जनता दल यूनाइटेड (जदयू) एवं लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने बीते रविवार को पटना में साझा संवाददाता सम्‍मेलन में अपनी-अपनी सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी थी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने यह लिस्ट जारी की।
जदयू की सीटें (17): वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सिवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, काराकाट, नालंदा, जहानाबाद और गया।
भाजपा की सीटें (17): पश्चिम और पूर्वी चंपारण, शिवहर, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगुसराय, पटना साहिब, पाटलीपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम और औरंगाबाद।
लोजपा (06): वैशाली, हाजीपुर, समस्‍तीपुर, खगडि़या, जमुई व नवादा।

Back to top button