Lok Sabha Election PM Modi LIVE: आज PM मोदी बिहार के बक्सर और सासाराम में चुनावी सभा को करने पहुंचे संबोधित

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा और इस चरण में बिहार की आठ सीटों पर वोट डाले जाएंगे। आज पीएम मोदी बिहार के बक्सर और सासाराम में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे हैं। बक्सर के बाद सासाराम में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि सासाराम और बिहार ने देश को हमेशा नेतृत्व दिया है, लेकिन दुर्भाग्य से कुछ लोग इसे काफी नुकसान पहुंचाया है और वही लोग मुझे दिन रात गालियां देते हैं।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस का अहंकार ही है कि इन्होंने बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का नाम भी इतिहास से मिटाने की कोशिश की। इन के शासन में घोटाला हुआ तो हुआ भ्रष्टाचार हुआ तो हुआ, किसानों का नुकसान हुआ तो हुआ।
पीएम मोदी ने कहा कि जिन्होंने शोषण किया, वो हमें गाली दे रहे हैं। बिहार ने ऐसे दलों का सूपड़ा साफ कर दिया है। कांग्रेस ने जगजीवन राम को अपमानित किया है।
इससे पहले बक्सर के अहिरौली में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए की जीत तो निश्चित है। साथ ही विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्हें सिर्फ गाली देना आता है।
पीएम मोदी ने कहा कि छह चरणों के मतदान के बाद विरोधी पस्त हैं और उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। इसीलिए उनमें गाली देने की होड़ मची है। ये लोग मजबूर और कमजोर और खिचड़ी सरकार बनाने के चक्कर में थे जिससे उनका फायदा होता। जनता को लूटने का लाइसेंस चाहते थे। आपके इस चौकीदार ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। अब तो बस दस दिनों के बाद नतीजे भी आ जाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि 19 मई को घर से निकलें और केंद्र मजबूत सरकार बनाने के लिए वोट दें। साथियों ये चुनाव सिर्फ यह तय करने के लिए नहीं है कि कौन सा दल या गठबंधन जीतेगा। यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले वर्षों में भारत कितना विकास करेगा।
यह चुनाव 21वीं सदी के बच्चों का भविष्य तय करेगा। बताइए, ये महामिलावट वाले कभी भारत के विकास की बात और चर्चा करते हैं। क्या भारत के विकास एजेंडा बताते हैं। ये सिर्फ अपना हित करना जानते हैं जनता का नहीं। ये जानते हैं कि कुछ जातियां इनकी गुलाम हैं। ये वे लोग हैं जिन्होंने सालों तक पदों का लाभ लिया, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।
विपक्ष पर तंज कसते हुए पीएम ने कहा कि राजनीति में कब से इतनी तनख्वाह मिलने लगी कि अरबपति हो गए। आपका ये सेवक (पीएम मोदी) लंबे समय तक गुजरात का सीएम रहा और पांच से पीएम हूं। न मैंने अपने लिए कुछ किया और न अपने रिश्तेदारों के लिए किया। मेरे लिए तो जनता ही मेरा परिवार है। 120 कराेड़ हिन्दुस्तानी ही मेरा परिवार है। इन्हीं के लिए जिऊंगा। ईमानदारी ने मुझे वह ताकत दी कि गरीबों के लिए सबकुछ करूं।
पटना के बिहटा में वायुसेना के एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद पीएम मोदी दोनों चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। बता दें कि बक्सर से केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और सासाराम से छेदी पासवान और पाटलिपुत्र सीट से रामकृपाल यादव भाजपा के उम्मीदवार हैं ।
बिहार में इतनी चुनावी सभाओं को कर चुके हैं संबोधित
लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद पीएम मोदी ने पहली बार दो अप्रैल को जमुई में लोजपा के उम्मीदवार चिराग पासवान और गया में जदयू उम्मीदवार विजय मांझी के लिए चुनावी सभा की थी और लोगों से वोट देने की अपील की थी। फिर11 अप्रैल को वे भागलपुर आए थे और 20 अप्रैल को अररिया में चुनावी सभा को संबोधित किया था।
उसके बाद 25 अप्रैल को उन्होंने दरभंगा में बीजेपी उम्मीदवार गोपालजी ठाकुर और 30 अप्रैल को मुजफ्फरपुर में अजय निषाद के लिए चुनावी सभा को संबोधित किया था। फिर 4 मई को प्रधानमंत्री मोदी ने वाल्मीकिनगर में सभा की थी। बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए ये पीएम मोदी की सातवीं सभा है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में मोदी सरकार के चार मंत्रियों – रविशंकर प्रसाद, अश्विनी चौबे, रामकृपाल यादव और आरके सिंह के भाग्य का फैसला होना है। इस कारण भाजपा कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती है।





