लखनऊ.समाजवादी पार्टी के राज्य स्तरीय सम्मलेन से पहले 21 सितंबर को मुलायम लोहिया ट्रस्ट की बैठक कर रहे हैं। इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि चर्चा है कि सपा के राज्य स्तरीय सम्मलेन और 5 अक्टूबर को आगरा में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में निमंत्रण नहीं दिया गया है। ऐसे में मुलायम कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। सूत्रों की माने तो लोहिया ट्रस्ट के सचिव पद से रामगोपाल यादव को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा…
– यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें पिछली बैठक में हुई 4 सदस्यों पर कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। साथ ही ट्रस्ट के आय-व्यय पर चर्चा होगी।
– ट्रस्ट के सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा होगी। नए लोगों की सदस्यता पर चर्चा होगी।
– अन्य विषयों पर ट्रस्ट के अध्यक्ष (मुलायम सिंह ) की अनुमति से चर्चा होगी।
अखिलेश और रामगोपाल यादव भी हैं ट्रस्ट के सदस्य
– मुलायम सिंह यादव भले ही सपा के अध्यक्ष पद से हटा दिए गए हो, लेकिन वह अभी भी लोहिया ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
– इस ट्रस्ट के सदस्य अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव समेत शिवपाल और आजम खान भी हैं।
– अगस्त में हुई बैठक में रामगोपाल यादव, अखिलेश यादव और आजम खान बैठक में शामिल नहीं हुए थे। जबकि शिवपाल ने शिरकत की थी।
अखिलेश समर्थक 4 सदस्यों को किया था बाहर- अगस्त
में हुई बैठक में मुलायम ने अखिलेश समर्थक अहमद हसन, रामगोविंद चौधरी, अनिल शाक्य, और उषा विश्वकर्मा को हटा दिया था।
– वहीं, शिवपाल समर्थक दीपक मिश्रा, राजेश यादव, राम नरेश यादव और रामसेवक को ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया था।
ट्रस्ट के कुल हैं 13 सदस्य
– लोहिया ट्रस्ट में कुल 13 सदस्य हैं। अगस्त में इसमें से 8 सदस्य शामिल हुए थे।
– अब देखना होगा कि गुरुवार को होने वाली बैठक में अखिलेश हिस्सा लेते हैं या नहीं।