LIVE INDvsSL: जडेजा ने पूरे किए 150 टेस्ट विकेट, श्रीलंका के 6 बल्लेबाज हुए आउट

भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट एसएससी स्टेडियम कोलंबो में खेला जा रहा है. टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट गंवा कर 622 रन बनाए हैं. इसी के साथ ही विराट कोहली ने पारी घोषित कर दी. भारत के बड़े स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 36 ओवर में 6 विकेट गंवा कर 123 रन बनाए हैं. दिलरुवान परेरा (0) और निरोशन डिकवेला (33) क्रीज पर हैं. धनंजय डिसिल्वा को बोल्ड करके जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे किए.

श्रीलंका के विकेट्स
बल्ले से शानदार अर्धशतक जड़ने के बाद रविचंद्रन अश्विन ने अपनी क्लास दिखाते हुए श्रीलंका के दोनों ओपनर बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया हैं. अश्विन ने श्रीलंका को अपने पहले ही ओवर में थरंगा को शून्य के स्कोर पर आउट करके पहला झटका दिया. वहीं संभल कर खेल रहे करुणारत्ने को भी अश्विन ने वापस भेजा. अश्विन की गेंद पर थरंगा (0) लोकेश राहुल को कैच दे बैठे. इसके बाद 13.4 ओवर में अश्विन ने करुणारत्ने (25) को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच करा दिया.
यह भी पढ़ें: अपने करियर में सिर्फ दूसरी बार इस तरीके से आउट हुए अजिंक्य रहाणे
तीसरे दिन की शुरुआत में ही श्रीलंका ने अपने स्कोर में महज 14 रन जोड़कर अपने दो विकेट गंवा दिए. 25वें ओवर में श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांडीमल, जडेजा की गेंद को स्वीप करने की कोशिश में पंड्या को अपना कैच दे बैठे. चांडीमल 10 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद अगले ही ओवर में कुशल मेंडिस, उमेश यादव की धीमी गेंद पर चकमा खा गए और विराट कोहली को अपना कैच दे बैठे. कुशल मेंडिस 24 रन बनाकर आउट हुए.
श्रीलंका की धरती पर लगातार दूसरी बार बनाए 600+ रन
श्रीलंकाई धरती पर टीम इंडिया ने लगातार दो टेस्ट में 600 से अधिक रन बनाए हैं. वहीं दिसंबर 2016 से लेकर अब तक भारतीय टीम कुल 6 बार 600 या उससे अधिक रन बना चुकी है. भारत ने उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (132) और चेतेश्वर पुजारा (133) की शानदार पारियों की बदौलत पहली पारी में 622 रन बनाए.
वहीं रवींद्र जडेजा ने 70*, रिद्धिमान साहा ने 67, लोकेश राहुल ने 57 और आर. अश्विन ने 54 रन की इनिंग खेली.भारत की ओर से चौथे विकेट के लिए पुजारा और रहाणे ने 217 रन की पार्टनरशिप की. वहीं दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप आठवें विकेट (72 रन) के लिए जडेजा और साहा के बीच हुई.श्रीलंका की ओर से रंगना हेराथ सबसे सफल बॉलर रहे, जिन्होंने 4/154 विकेट लिए. वहीं मेलिंडा पुष्पकुमार ने 2/156 विकेट लिए. करुणारत्ने और दिलरुवान को 1-1 विकेट मिला.
भारत के विकेट्स
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 56 के स्कोर पर शिखर धवन के रूप में पहला झटका लग गया. 10.1 ओवर में दिलरुवान परेरा ने शिखर धवन को एलबीडब्लू कर दिया. धवन ने काफी तेज बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 35 रन बनाए.
भारत का दूसरा विकेट लोकेश राहुल के रूप में गिरा. 30.4 ओवर में वे चांडीमल ने उन्हें रनआउट कर दिया. थोड़ी देर बाद तीसरा विकेट विराट कोहली (13) के रूप में गिरा. वे 38.5 ओवर में रंगना हेराथ की बॉल पर एंजेलो मैथ्यूज को कैच दे बैठे. उस वक्त भारत का स्कोर 133 रन था.
दूसरे दिन भारत ने गुरुवार के अपने स्कोर 344/3 रन से आगे खेलना शुरू किया. दो ओवर हुए ही थे और स्कोर में अभी 6 रन ही जुड़े थे, कि चौथा विकेट भी गिर गया.91.6 ओवर में चेतेश्वर पुजारा (133) को दिमुथ करुणारत्ने ने एलबीडब्लू आउट कर दिया. वे अपने एक दिन पहले के स्कोर में केवल 5 रन और ही जोड़ सके. आउट होने से पहले चौथे विकेट के लिए उन्होने रहाणे के साथ मिलकर 217 रन की पार्टनरशिप की.
पांचवां विकेट अजिंक्य रहाणे (132) का रहा. वे 110.5 ओवर में पुष्पकुमार की बॉल पर शॉट मारने के लिए आगे बढ़े लेकिन चूक गए, जिसके बाद डिकवेला ने उन्हें स्टंप कर दिया.लंच के बाद 121.4 ओवर में अश्विन ने रंगना हेराथ की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की. लेकिन इसके बाद अगली बॉल पर वे बोल्ड हो गए. सातवां विकेट हार्दिक पंड्या (20) का रहा. जो 132.4 ओवर में 496 के स्कोर पर पुष्पकुमार की बॉल पर मैथ्यूज को कैच दे बैठे.
आठवें विकेट के रूप में ऋद्धिमान साहा (67) आउट हुए. हेराथ की बॉल पर डिकवेला ने उन्हें कैच कर लिया.नौवां विकेट शमी (19) का रहा. हेराथ की बॉल पर उपुल थरंगा ने उन्हें कैच कर लिया. रवींद्र जडेजा 70 रन और उमेश यादव 8 रन बनाकर नॉटआउट रहे.





