Live INDvsAUS: 100 रन के पार पहुंचा ऑस्ट्रेलिया, विकेट के लिए तरस रही टीम इंडिया

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 22 ओवर में 1 विकेट गंवा कर 117 रन बना लिए हैं. आरोन फिंच (55 रन) और स्टीव स्मिथ (16 रन) क्रीज पर हैं.
ऑस्ट्रेलिया के विकेट्स
ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच की बदौलत अच्छी शुरुआत की जिसके बाद विकेट के लिए तरस रही भारतीय टीम को हार्दिक पंड्या ने पहली सफलता दिलाई. तूफानी बल्लेबाजी कर रहे वॉर्नर को पंड्या ने 14वें ओवर में 42 रन पर बोल्ड कर दिया.
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम इंडिया को पहले गेंदबाजी दी है. ऑस्ट्रेलिया की टीम में दो बदलाव हुए हैं हिल्टॉन कार्टराइट और मैथ्यू वेड की जगह आरोन फिंच और पीटर हैंड्सकॉम्ब को टीम में शामिल किया गया है, वहीं टीम इंडिया में कोई बदलाव नहीं है.
चेन्नई और कोलकाता वनडे में कंगारुओं को मात देने वाली टीम इंडिया की नजरें अब इंदौर में भी जीत दर्ज कर सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी. साथ ही विराट की कप्तानी में टीम इंडिया की निगाहें आईसीसी वनडे रैंकिंग में फिर से नंबर एक टीम बनने पर होगी.
अगर टीम इंडिया ऐसा करने में सफल रही, तो टेस्ट क्रिकेट के साथ-साथ वनडे में भी उसकी बादशाहत होगी. भारत और दक्षिण अफ्रीका के अभी 119-119 अंक हैं, लेकिन अफ्रीकी टीम दशमलव गणना में भारत से आगे है. अगर भारत कल का मैच जीत जाता है, तो उसके 120 अंक हो जाएंगे.वहीं ऑस्ट्रेलिया मेजबान टीम को रोकने की पूरी कोशिश करेगी. इस मैच में जीत ऑस्ट्रेलिया के सीरीज में वापसी के रास्ते को खुला रखेगी.
टीम इंडिया
अब तक भारत ने लगातार आठ वनडे मैचों में जीत हासिल की है. इस मैच में भी हर लिहाज से टीम इंडिया का पलड़ा भारी है. इस सीरीज में 2-0 की बढ़त दिलाने में उसके बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण का खास योगदान है.
10 साल पहले आज ही श्रीसंत ने लपका था वर्ल्ड कप, आज जोगी बने स्टार, देखें वीडियो
दोनों मैचों में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को आसान लक्ष्य से वंचित रखा था. ऑस्ट्रेलिया को खासकर भारत के दो स्पिनरों कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को खेलने में परेशानी हो रही है. कुलदीप-चहल ने मिलकर सीरीज में अब तक कुल 10 विकेट अपने नाम किए हैं. कुलदीप ने कोलकाता में खेले गए दूसरे मैच में हैट्रिक ली थी.
वहीं भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने भी अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है. यह दोनों शुरुआती ओवरों में टीम को सफलता दिलाते हैं और अंतिम के ओवरों में रन बचाते हैं. ऐसे में कप्तान विराट कोहली एक बार फिर अपनी गेंदबाजी पर ज्यादा निर्भर रहेंगे.
बल्लेबाजों को करना होगा पलटवार
टीम के बल्लेबाजों में शुरुआती दो मैचों में निराश किया है. कोहली और शास्त्री के लिए बल्लेबाजी में मिडिल आर्डर का न चल पाना परेशानी का सबब है. पहले मैच में महेंद्र सिंह धोनी और हार्दिक पंड्या ने टीम को बचाया तो दूसरे मैच में कोहली और अजिंक्य रहाणे के अलावा कोई और बल्लेबाज रन नहीं कर सका. ऐसे में रोहित शर्मा, केदार जाधव, मनीष पांडे के बल्लों का खामोश रहना टीम की परेशानी है.
फॉर्म में नहीं हैं ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के लिए भी एक तरह से बल्लेबाजों का न चल पाना सबसे बड़ी चिंता है. दोनों मैचों में उसके गेंदबाजों ने तो अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बल्लेबाज आसान से लक्ष्य के सामने ढेर हो गए. पिछले मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ और मार्कस स्टोइनिस ने जरूर अर्धशतक जड़े थे, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी थे.
ऑस्ट्रेलिया का टॉप आर्डर खासकर डेविड वॉर्नर बल्ले से नाकाम रहे हैं. टीम के लिए वॉर्नर का चलना बेहद जरुरी हो गया है. सीरीज में वापसी के लिए ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में यह मैच जीतना होगा.
बारिश डाल सकती है खलल
मौसम विभाग के अनुसार इस मैच में बारिश खलल डाल सकती है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से इंदौर में बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने कल भी कुछ समय के लिए बारिश होने की संभावना जताई है. लेकिन बारिश ने निपटने के लिए भी होलकर के ग्राउंड स्टाफ के पास बेहतर सुविधाएं भी है.
पिच से टर्न मिलने की संभावना एमपीसीए के क्यूरेटर ने कहा, ‘‘यह बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच होगी. मैं यह तो नहीं कह सकता कि कितना स्कोर होगा, लेकिन यह बड़े स्कोर वाला मैच होगा. इसके साथ ही गेंदबाजों के लिए भी इसमें मौके होंगे.’’ चौहान ने कहा, ‘‘पिच से ऑर्थोडॉक्स स्पिनरों को ज्यादा टर्न मिलने की संभावना नहीं है, लेकिन कलाई के स्पिनरों को जरूर टर्न मिलेगा.
दोनों टीमें
भारत : अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), मनीष पांडे, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, और जसप्रीत बुमराह.
ऑस्ट्रेलिया : डेविड वॉर्नर, आरोन फिंच, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, ग्लेन मैक्सवेल, पीटर हैंड्सकॉम्ब (विकेटकीपर), मार्कस स्टोईनिस, नेथन कुल्टर नाइल, पैट कमिंस, जेम्स फाकनर और एडम जम्पा.





