औद्योगिक विकास प्राधिकरणों से 20 अफसरों के हुए तबादले, जारी की सूची
एक औद्योगिक विकास प्राधिकरण से दूसरे प्राधिकरण में अफसरों और कर्मचारियों के तबादले की कार्रवाई शुरू हो गई है। पहली तबादला सूची में 20 अफसरों का तबादला किया गया है। इनमें 16 अधिकारी नोएडा व ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के हैं।
योगी सरकार ने एक से दूसरे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अफसरों-कर्मचारियों की तैनाती के लिए पिछले दिनों नियमावली में बदलाव को मंजूरी दी थी। इसके पहले कर्मी जिस प्राधिकरण में नियुक्त होते थे, पूरी सेवा वहीं तैनात रहते थे।
नई नीति के बाद किए गए तबादलों में आठ-आठ अधिकारी नोएडा व ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण से, तीन गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण से और एक अधिकारी लखनऊ औद्योगिक विकास प्राधिकरण से हटाकर दूसरे प्राधिकरण में भेजे गए हैं। इस फैसले से प्राधिकरणों में लंबी अवधि तक तैनात अफसरों का एकाधिकार टूटेगा और कामकाज में ज्यादा पारदर्शिता आने की संभावना है।





