Lenovo ने भारत में लांच किए दो नए स्मार्टफोन, जानिए इसकी कीमत और स्पेसिफिकेशन
लेनोवो ने भारत में दो नए स्मार्टफोन Lenovo K9 और Lenovo A5 लांच कर दिए हैं। दोनों फोन की लांचिंग मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में हुई। लेनोवो के9 और लेनोवो ए5 दोनों स्मार्टफोन में बेजललेस डिस्प्ले दी गई है। साथ ही लेनोवो के9 में डुअल रियर कैमरा और डुअल फ्रंट कैमरा भी है। ऐसे में लेनोवो के9 स्मार्टफोन में चार कैमरे हैं।
लेनोवो के9 और लेनोवो ए5 की कीमत
भारत में Lenovo K9 के 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 8,999 रुपये है और यह फोन ब्लैक व ब्लू कलर वेरियंट में मिलेगा। वहीं लेनोवो ए5 के 2 जीबी रैम व 16 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 5,999 रुपये और 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 6,999 रुपये है।
लेनोवो के9 की स्पेसिफिकेशन
लेनोवो के9 के फीचर्स की बात करें तो इस फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 आधारित ZUI ओएस, डुअल सिम सपोर्ट और 5.7 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। डिस्प्ले पर 2.5D ग्लास का प्रोटेक्शन मिलेगा। इसके अलावा फोन में 2.0GHz का मीडियाटेक MT6762 ऑक्टाकोर प्रोसेसर, 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज मिलेगी जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। फोन के कैमरे की बात करें तो इस फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें एक कैमरा 13 मेगापिक्सल का और दूसरा 5 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा भी 13+5 का डुअल कैमरा सेटअप है। रियर और फ्रंट कैमरे दोनों कैमरे के साथ एलईडी फ्लैश लाइट मिलेगी। फोन में 3000 एमएएच की बैटरी है और कनेक्टिविटी के लिए इसमें वाई-फाई, LTE, ब्लूटूथ, यूएसबी, फिंगरप्रिंट सेंसर और 3.5एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा।
लेनोवो ए5 की स्पेसिफिकेशन
इस फोन में डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो 8.1 आधारित ZUI 3.9 ओएस और 5.45 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले मिलेगी जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। लेनोवो ए5 में मीडियाटेक का क्वॉडकोर MT6739 प्रोसेसर है जिसकी स्पीड 1.5GHz है। इस फोन में 2/3जीबी रैम के साथ 16/32 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। फोन कैमरे की बात करें तो 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। इस फोन में 4000 एमएएच की बैटरी है और कनेक्टिविटी के लिए इसमें ब्लूटूथ 4.2, वाई-फाई, जीपीएस, फिंगरप्रिंट सेंसर है।





