लॉन्च हुआ दुनिया का पहला ट्रांसपैरेंट टीवी

कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो (CES 2024) का आयोजन आज यानी 9 जनवरी से शुरू हो रहा है लेकिन इससे पहले ही कई कंपनियों ने अपने अनोखे प्रोडक्ट पेश कर दिए हैं। CES 2024 का आयोजन इस बार 9-12 जनवरी तक लास वेगास में हो रहा है। CES हर साल जनवरी में आयोजित होता है और इसमें दुनिया की तमाम टेक कंपनियां अपने प्रोडक्ट पेश करती हैं। इस इवेंट के शुरू होने से पहले ट्रांसपैरेंट LED डिस्प्ले ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है।
सैमसंग और एलजी ने CES 2024 से ठीक पहले ट्रांसपैरेंट एलईडी टीवी पेश किए हैं। सैमसंग से पहले एलजी ने अपने ट्रांसपैरेंट टीवी की पहली झलक दुनिया को दिखाई है। यह टीवी पैनल पूरी तरह से ट्रांसपैरेंट है और इसमें बेजल नहीं है।
यदि इन टीवी को अपने घर की दीवार पर इंस्टॉल करते हैं तो जब तक इसे ऑन नहीं किया जाएगा किसी को भनक तक नहीं लगेगी कि आपके घर में टीवी भी है। इन टीवी पर आप अपने फोन की स्क्रीन भी शेयर कर सकते हैं।
इन टीवी की खासियतों की बात करें तो पावर सोर्स के अलावा इन टीवी में कोई केबल नजर नहीं आ रहा है। इन्हें वायरलेस टीवी भी कहा जा रहा है। इनमें AV ट्रांसमिशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। इन टीवी को दुनिया का पहला वायरलेस ट्रांसपैरेंट LED टीवी भी कहा जा रहा है।
इनका इस्तेमाल घर, ऑफिस, इवेंट आदि में हो सकेगा, हालांकि इन टीवी पैनल को फिलहाल खरीदा नहीं जा सकता है। एलजी और सैमसंग दोनों ने अपने इन ट्रांसपैरेंट टीवी पैनल को फिलहाल केवल शोकेस किया है। ग्राहकों के लिए इसे इस साल के अंत तक उपलब्ध कराया जा सकता है।





