लालू ने नहीं मनाया नया साल, पटना आवास पर भी रहा सन्‍नाटा

पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद उनके पटना आवास पर नया साल का पहला दिन सन्‍नाटे में गुजरा। हर साल की तरह इस पहली जनवरी के दिन लोगों की चहल-पहल नहीं दिखी। सुबह में आवास का मेन गेट बंद रहा। अंदर गिने-चुने नेताओं व करीबियों से परिवार के लोग मिलते रहे। उधर, रांची के बिरसा मुंडा जेल में लालू से मिलने भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन तीन नेताओं को इसकी अनुमति मिली। उनके माध्‍यम से लालू ने अपना संदेश बाहर भेजा। पटना स्थिति राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के आवास पर आज समर्थकों की भीड़ नहीं उमड़ी। गिने-चुने करीबी व बड़े नेताओं को ही अंदर जाने की अनुमति मिली। लालू परिवार के सदस्‍य नया साल नहीं मना रहे हैं, लेकिन उन्‍होंने देश व राज्‍य की जनता को नया साल की बधाई दी है।लालू ने नहीं मनाया नया साल, पटना आवास पर भी रहा सन्‍नाटा

राबड़ी ने दी शुभकामनाएं, तेजप्रताप बोले: दिल में हैं लालू 

नए साल के अवसर पर पूर्व मुख्‍यमंत्री व लालू प्रसाद की पत्‍नी राबड़ी देवी ने सबों को शुभकामनाएं दी। साथ ही बताया कि इस साल परिवार नया साल नहीं मना रहा है। कहा कि लालू जी जल्‍दी ही जेल से बाहर आएंगे। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने कहा कि लालू जी हमेशा उनके दिल में हैं। उनके आने पर ही नया साल मनाएंगे।

तेजस्‍वी ने कहा, बहुत सीख दे गया बीता साल 

लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे व पूर्व उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव ने देशवासियों को नया साल की बधाई दी। कहा कि बीते साल काफी कुछ सीखने का मौका मिला। इससे नुकसान नहीं हुआ। आगे की चुनौतियों की बाबत पूछने पर तेजस्‍वी ने कहा कि जब बिहार की जनता साथ है तो चुनौतियां कैसी। तेजस्‍वी ने समान विचारधारा वाली सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों से आगे की लड़ाई के लिए एकजुटता की अपील की।

रांची जेल से लालू ने भेजा नया साल का संदेश 

उधर, रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय करागार में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी नया साल नहीं मना रहे। लेकिन, उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्‍या में समर्थक व नेता पहुंच गए। वे अपने साथ उनकी पसंद का खाना लेकर आए थे। उसमें से हरी सब्‍जी आदि कुछ सामान लालू प्रसाद यादव के पास पहुंचा दिए गए।

आज रांची जेल में लालू यादव से पार्टी नेता एज्‍या यादव, गिरीनाथ सिंह तथा संजय यादव मिले। उनके अनुसार लालू ने पार्टी जनों को संगठित रहकर राजनीतिक लड़ाई करने का संदेश भी भेजा। लालू ने मिलने वालों के माध्‍यम से देश व प्रदेश की जनता के लिए नववर्ष की शुभकामनाएं भी दी।

Back to top button