किशोर उपाध्याय ने वनवासी आन्दोलन के लिए भाजपा से मांगा समर्थन

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय अपने ‘वनवासी’ आन्दोलन को तेजी से विस्तार  देना चाहते हैं। इस सिलसिले में मंगलवार को उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से उनके आवास पर मुलाकात की। भट्ट ने किशोर को उनकी मांग पर उचित कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया है। 

राज्य के नागरिकों को उनके वन अधिकार और हक-हकूक दिलाने के लिए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय आंदोलन की राह पर हैं। उन्होंने सरकार से प्रदेश के लोगों को वनवासी का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई है।

मुलाकात के दौरान किशोर ने अजय भट्ट को एक पत्र भी सौंपा जिसमें सरकार से पर्वतीय क्षेत्र को वन प्रदेश घोषित कर स्थानीय लोगों को वनवासी का दर्जा दिया जाने, जैव विविधता अधिनियम 2002 और वन अधिकारी एक्ट 2006 के प्रावधान लागू करने, हिमालय क्षेत्र में पैदा होने वाली जीवन रक्षक जड़ी बूटियों के दोहन का अधिकार स्थानीय समुदाय को दिया जाने, वनवासियों को केंद्र सरकार की नौकरियों में आरक्षण दिए जाने और वन व प्राकृतिक संसाधनों पर राज्यवासियों के परंपरागत हक-हकूकों की रक्षा करने की मांग की हैं।

राज्य आन्दोलनकारियों को बनाएं सूचना आयुक्त
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने राज्य सरकार से किसी उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी को सूचना आयुक्त बनाने की मांग की है। इस सम्बंध में उन्होंने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक से मुलाकात करने के साथ ही नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश से भी फोन पर वार्ता की। कौशिक से मुलाकात में उपाध्याय ने कहा कि सरकार द्वार गठित विभन्न संवैधानिक संस्थाओं में राज्य आन्दोलनकारियों को भी प्रतिनिधिम्व मिलना चाहिए।

Back to top button