भारतीय वनडे टीम में इस वजह से नहीं हुई केदार जाधव की वापसी

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले तीन वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया का एलान किया तो गया लेकिन उसमें केदार जाधव का नाम शामिल नहीं था। केदार ने टीम में शामिल नहीं किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि मुझे नहीं पता कि टीम में मेरा चुनाव किस वजह से नहीं किया गया। उन्होंने टीम में चयन ना होने पर हैरानी भी जताई थी और काफी निराश भी लग रहे थे, लेकिन अब पता चल गया है कि आखिरकार उन्हें वनडे टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया। भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने जाधव को टीम में नहीं चुनने का कारण बताया है।
प्रसाद ने कहा कि केदार जाधव की फिटनेस के इतिहास को देखते हुए उनका चयन वनडे टीम में नहीं किया गया। इससे पहले भी वो फिट हुए थे और टीम में आने के बाद फिर से अनफिट हो गए। हमारा ये सोचना था कि देवधर ट्रॉफी में इंडिया ए जीत जाती है तो जाधव के पास एक मैच और होगा और उसके जरिए हम उनकी फिटनेस का अंदाजा लगा पाते। हालांकि ये हो सकता है कि हम केदार जाधव को अतिरिक्त खिलाड़ी के तौर पर चौथे वनडे से पहले टीम में शामिल कर लें। क्रिकेटर्स को ये समझना होगा कि चयन का एक तरीका होता है और सेलेक्टर्स को उसे फॉलो करना पड़ता है।
आपको बता दें कि केदार जाधव एशिया कप के फाइनल मुकाबले में चोटिल हो गए थे और टीम इंडिया ने वो मैच आखिरी गेंद पर काफी मुश्किल से जीता था। फिलहाल केदार देवधर ट्रॉफी में इंडिया ए के लिए खेले थे और तेजी से 41 रन भी बनाए थे। जाधव का फिटनेस ही टीम में उनकी वापसी में सबसे बड़ी बाधा है और उन्हें भारतीय टीम में वापसी के लिए अपनी फिटनेस तो साबित करनी ही होगी। अब एक नवंबर से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी में खेलकर जाधव अच्छा प्रदर्शन कर टीम में वापसी कर सकते हैं।
केदार जाधव भारतीय टीम के लिए निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं और वो पिछले कई वनडे मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी के जरिए भी सबको खूब चौंकाया है। अगले वर्ष इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए जाधव अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। वैसे वो अब टीम में वापसी कब करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।





