स्मिथ के खिलाफ जोहानिसबर्ग एयरपोर्ट पर लगे चीटर-चीटर के नारे

बॉल टेंपरिंग मामले में 1 साल के बैन के बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ को चारों तरफ से आलोचनाओं और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, साउथ अफ्रीका से ऑस्ट्रेलिया लौटते वक्त जोहानिसबर्ग एयरपोर्ट पर फैंस ने स्मिथ को चीटर कहा.
प्रतिबंध लगने के बाद स्टीव स्मिथ साउथ अफ्रीका से वापस ऑस्ट्रेलिया लौट रहे थे, तभी एयरपोर्ट पर उन्हें हूटिंग का सामना करना पड़ा. जोहानिसबर्ग एयरपोर्ट पर फैंस की भीड़ स्मिथ के खिलाफ चीटर कह कर हूटिंग कर रही थी.
स्टीव स्मिथ के साथ हुए इस व्यवहार पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न ने इसकी आलोचना की है. शेन वॉर्न ने ट्विटर किया कि ‘यह शर्मनाक है, स्मिथ कोई अपराधी नहीं.’
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर थियो डोरोपाउलस ने भी स्मिथ के साथ हुए इस व्यवहार की आलोचना की है. उन्होंने ट्वीट किया कि ‘ऑस्ट्रेलिया के टॉप क्रिकेटरों में से एक, जिसने निर्णय लेने में एक चौंकाने वाली गलती की, उसे एयरपोर्ट पर एक दोषी ड्रग्स अपराधी की तरह ले जाया जा रहा है उनके बारे में आपकी राय के बावजूद आप इस तस्वीर को देखकर ये नहीं कह सकते कि आपको स्टीव स्मिथ के लिए बुरा नहीं लग रहा है, मुझे पता है मुझे बुरा लग रहा है.’





