J&K: मारा गया पत्रकार बुखारी का हत्यारा आतंकी नावेद जट, 12 लाख का था इनामी

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुबह-सुबह सुरक्षाबलों ने बडगाम में दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे जाने की सूची में पाक का सबसे बड़ा आतंकी माना जाने वाला कस्टडी से फरार आतंकी नावेद जट की भी खबर है। वह पत्रकार सुजात बुखारी की हत्या सहित घाटी में कई बड़ी आतंकी वारदातों में शामिल रहा है। इस मुठभेड़ में सेना के भी तीन जवान घायल हुए हैं। फिलहाल दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है। J&K: मारा गया पत्रकार बुखारी का हत्यारा आतंकी नावेद जट, 12 लाख का था इनामी

जानकारी के अनुसार, बडगाम के चटगाम में यह एनकाउंटर चल रहा है। सुरक्षाबलों को यहां आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी आतंकियों को फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया। फिलहाल ऑपरेशन जारी है। 

इससे पहले मंगलवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले से ही चार अज्ञात बंदूकधारी एक कार को अगवा कर श्रीनगर की ओर बढ़े और चार किलोमीटर पहले गाड़ी को छोड़कर गायब हो गए। कार के चालक से पुलिस को जानकारी मिलने के बाद श्रीनगर और उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। 

वादी में सुरक्षाबल जिस प्रकार आतंकवादियों के खिलाफ आपरेशन चला रहे हैं आशंका है कि हताश आतंकी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। हालांकि इस घटना की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। 

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर शाम चार अज्ञात बंदूकधारियों ने बडगाम जिले से एक काले रंग की आल्टो कार को हाईजैक कर लिया और श्रीनगर के लाल चौक से करीब चार किलोमीटर पहले ही रात लगभग आठ बजे रामबाग इलाके में उतर गए। 

आतंकियों के जाने के बाद गाड़ी के चालक ने नजदीकी पुलिस स्टेशन को पूरे मामले की सूचना दी। शहर और आस पास के इलाकों में सुरक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है साथ ही सभी सुरक्षा एजंसियों को चौकन्ना रहने को भी कहा गया। 

Back to top button