J&K-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के मामले में मुआवजा राशि में लगे घपले के आरोप

जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के मामले में मुआवजा राशि में घपले के आरोप लगे हैं। आरोप पट्टी की तत्कालीन SDM अनुप्रीत कौर समेत 6 लोगों पर लगे हैंं। बताया जा रहा है कि कुल 1.63 करोड़ रुपये का घपला हुआ है। मामला पट्टी के वर्तमान SDM नवराज सिंह बराड़ की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग के निर्माण के दौरान सरकार द्वारा जमीन अधिग्रहीत की गई थी। आरोप है कि पट्टी की तत्कालीन SDM अनुप्रीत कौर द्वारा कथित तौर पर जसबीर कौर पत्नी मित्र सिंह निवासी माना वाला (अमृतसर), राजविंदर कौर पत्नी सुरजीत सिंह निवासी फतेहपुर अलगो (महमूदपुरा), सरताज सिंह पुत्र सविंदर सिंह निवासी कोट दसंधी मल्ल, बिक्रमजीत सिंह पुत्र सविंदर सिंह निवासी होशियार नगर (अमृतसर), गुरजीत कौर पत्नी बलकार सिंह निवासी कोट दसंधी मल्ल के अलावा अन्य लोगों के नाम पर बैैंक खातों में 1 करोड़ 63 लाख 975 रुपये का गबन किया गया।
यह गबन 9 जनवरी 2018 से 11 फरवरी 2019 तक हुआ। पट्टी के मौजूदा SDM नवराज सिंह बराड़ ने डिप्टी कमिश्नर को 5 सितंबर 2018 को शिकायत नंबर 585 दी। मामले की जांच SDM नवराज सिंह बराड़ को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी तरनतारन द्वारा मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए। इसके बाद वीरवार रात को थाना सिटी पट्टी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि इस मामले में किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। आगे की जांच एएसआइ दिलबाग सिंह को सौंपी गई है।





