J&K: ‘एक माह में 34 आतंकी ढेर’, 8 सुरक्षाकर्मी भी हुए शहीद, 13 स्थानीय नागरिकों की भी गई जान

कश्मीर घाटी में करीब एक माह के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को एंटी मिलिटेंसी ऑपरेशन के दौरान बड़ी कामयाबियां हाथ लगी हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस के एडीजी ने इन कामयाब ऑपरेशंस का श्रेय ग्राउंड जीरो से प्राप्त हो रहे इनपुट्स को दिया है। आंकड़ों की बात करें तो करीब एक माह के दौरान 34 आतंकियों को मार गिराने में कामयाबी हाथ लगी है जोकि आतंकी संगठनों के लिए एक बड़ा झटका है, लेकिन इस दौरान 8 सुरक्षाकर्मी भी शहीद हुए हैं और 13 स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी जानें गवाई हैं।
जम्मू कश्मीर पुलिस के एडीजी लॉ एंड आर्डर मुनीर खान ने कहा कि एंटी मिलिटेंसी ऑपरेशन में जो कामयाबी है वो सब इनपुट्स के फ्लो पर निर्भर करती है। जैसा इनपुट मिल पाएगा, उसी आधार पर ऑपरेशन अंजाम दिए जाएंगे और खुद बखुद कामयाबी हाथ लगेगी। खान ने कहा कि मैं अपने लो रैंक के अधिकारियों और जवानों का शुक्रगुजार हूं जिस पर ऑपरेटिंग एजेंसियों को कामयाबी हाथ लग रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह ऐसे ही बरकरार रहें और हमें कामयाबियां हाथ लगती रहें। एक सवाल के जवाब में मुनीर खान ने कहा कि अधिकतर जो आम जनता है वो हिंसा में रुचि नहीं रखती। आतंकी उन्हें शांति से तो जीने दें।
उन्होंने यह भी कहा कि आतंकियों के खिलाफ ऐसे ऑपरेशंस को अंजाम देना आतंकी संगठनों के लिए एक बड़ा झटका है। इस बीच अगर आंकड़ों की बात करें तो 24 सितंबर से 27 अक्टूबर के बीच कुल 55 मौतें हुई हैं। एंटी मिलिटेंसी ऑपरेशन के दौरान 34 आतंकी ढेर किए गए, जबकि 8 सुरक्षा कर्मी शहीद हुए। इस दौरान 13 नागरिकों ने अपनी जान गवाई है जिनमें से कुछ को आतंकियों ने भी निशाना बनाया है।





