J&K निकाय चुनाव में आतंकियों की धमकी जारी, जम्मू में अब तक 21% पड़े वोट

रियासत में निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। चुनाव के लिए घाटी के साथ ही पूरे जम्मू संभाग में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। उधर काश्मीर में वोटिंग के दिन ऐहतियातन मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। दक्षिण कश्मीर में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा जम्मू के कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा की स्पीड को घटाकर 2G कर दिया गया है। J&K निकाय चुनाव में आतंकियों की धमकी जारी, जम्मू में अब तक 21% पड़े वोट

मुख्य चुनाव अधिकारी शालीन काबरा ने बताया कि पहले चरण में पूरी रियासत में 321 वार्डों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें 1204 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जम्मू संभाग में 1000, कश्मीर में 138 व लद्दाख में 66 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। जम्मू संभाग में 238 व कश्मीर संभाग में 83 वार्ड के लिए चुनाव होंगे। जम्मू नगर निगम के 75 वार्ड के लिए 400301 मतदाता मतदान करेंगे। यहां 447 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में कुल 586064 मतदाता वोट डालेंगे। कश्मीर संभाग में 150 व जम्मू संभाग में 670 मतदान केंद्रों पर वोट पड़ेंगे। कश्मीर में 138 व जम्मू में 52 केंद्रों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। पहले चरण में 78 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। 

ज्ञात हो कि चार चरणों में होने वाले निकाय चुनाव में 2990 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें जम्मू संभाग में 2137, कश्मीर में 787 व लद्दाख में 66 उम्मीदवार हैं। 3372 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। कुल 1697291 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

सुबह 11:00 बजे- पूंछ जिले में अबतक 49 प्रतिशत मतदान हो चुका है। भारी संख्या में लोग मतदान केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं। 

सुबह 10:27 बजे- केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी सीएम कविंदर गुप्ता भी जम्मू में अपना वोट डालने पहुंचे।

सुबह 9:30 बजे- कश्मीर में भी सभी पोलिंग बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। श्रीनगर में हमदानिया कॉलोनी के वार्ड नंबर 17 में हाईस्कूल में 6 पोलिंग बूथ बनाएं गए हैं। जिसमें चार बूथों पर अबतक एक भी वोट नहीं पड़ा है। वहीं दो बूथों पर मतदान जारी है।
सुबह 9:30 बजे- जम्मू जिले में 21 प्रतिशत मतदान हुआ है। 
सुबह 9:00 बजे- बारामुला में 0.83% वोट ही पड़े हैं। वहीं श्रीनगर में भी वोट की संख्या काफी कम बताई जा रही है।
सुबह 7:00 बजे- जम्मू में चार बूथों पर सुबह ईवीएम खराब होने की सूचना मिली। सुबह सात बजे से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। 

अलगाववादियों का आज बंद, गिलानी-मीरवाइज नजरबंद

पूरी रियासत में 1145 वार्ड के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें घाटी में 598 वार्ड व 1032498 मतदाता, जम्मू संभाग में 521 वार्ड व 644568 वोटर हैं। लद्दाख में 26 वार्ड के लिए 20225 मतदाता वोट डालेंगे। कश्मीर में 231 व जम्मू संभाग में 13 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।

आज सरकारी कार्यालयों में छुट्टी
चुनाव के चलते जम्मू विश्वविद्यालय की 8 और 10 अक्तूबर को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। सभी सरकारी कार्यालयों में चुनाव वाले दिन छुट्टी रहेगी। जम्मू-कश्मीर सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने निकाय चुनाव को  देखते हुए जनरल टीचर पदों के लिए होने वाली काउंसिलिंग के शेड्यूल में बदलाव किया है।

पहले चरण में यहां होगा मतदान
जम्मू संभाग – जम्मू नगर निगम, बिश्नाह, अरनिया, आरएस पुरा, घो मन्हासा, अखनूर, ज्योड़ियां, खौड़, राजोरी, थानामंडी, नौशेरा, सुंदरबनी, कालाकोट, पुंछ व सुरनकोट।
कश्मीर संभाग -श्रीनगर नगर निगम (वार्ड नं-16, 17 व 74), कुपवाड़ा, हंदवाड़ा, बांदीपोरा, बारामुला, बडगाम, कोकरनाग, कारगिल व लेह। 

आज बंद के आह्वान को देखते हुए प्रमुख अलगाववादियों पर शिकंजा कसा गया है। हुर्रियत (जी) प्रमुख सैय्यद अली शाह गिलानी, हुर्रियत (एम) प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक को नजरबंद कर दिया गया है, जबकि जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक पहले से जेल में बंद हैं।

चुनाव बहिष्कार के मद्देनजर गिलानी, मीरवाइज व यासीन मलिक ने लोगों से बंद रखने की अपील की है। बंद को देखते हुए बनिहाल से बारामुला के बीच रेल सेवाएं भी आज स्थगित कर दी गई हैं।

Back to top button