IPL-14 को लेकर आई ये बड़ी खबर, नहीं खेलेंगे…

इंग्लैंड क्रिकेट टीम का जून के बाद कार्यक्रम काफी व्यस्त है और अगर आईपीएल के बचे हुए मैच इस साल नए सिरे से आयोजित होते हैं तो इंग्लैंड के क्रिकेटर नहीं खेल सकेंगे. ईसीबी के क्रिकेट निदेशक एश्ले जाइल्स ने यह जानकारी दी.

आईपीएल बायो-बबल में कोरोना संक्रमण के मामले आने के बाद लीग पिछले सप्ताह अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई. अब इसे या तो सितंबर के आखिर में टी20 विश्व कप से पहले या नवंबर के मध्य में आयोजित किया जा सकता है. आईपीएल के 14वें सीजन में 29 मुकाबले ही हुए हैं. अभी 31 मैच खेले जाने हैं.

इंग्लैंड के शीर्ष क्रिकेटर दोनों समय व्यस्त होंगे. उन्हें सितंबर और अक्टूबर में बांग्लदेश और अक्टूबर जाना है, जबकि टी20 विश्व कप के ठीक बाद एशेज सीरीज खेली जाएगी.

जाइल्स ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा, ‘हमारा एफटीपी शेड्यूल काफी व्यस्त है. पाकिस्तान और बांग्लादेश का दौरा है.’ आईपीएल की विभिन्न टीमों में इंग्लैंड के 11 क्रिकेटर भाग ले रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘हमें टी20 विश्व कप और उसके बाद एशेज सीरीज खेलनी है. अपने खिलाड़ियों के कार्यभार का भी ध्यान रखना है.’ जाइल्स ने इन सुझावों को खारिज किया कि ईसीबी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है, जिसने पहले कहा था कि आईपीएल खेलने के कारण उसके खिलाड़ी जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रह सकते हैं.

जाइल्स ने कहा, ‘न्यूजीलैंड का परिदृश्य अलग था. उस सीरीज का कार्यक्रम जनवरी के आखिर में बना था और तब तक खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल चुके थे.’

Back to top button