अभी इन राज्यों में होगी बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत…

उत्तर पश्चिमी भारत और पूर्वी भारत के राज्यों में हुई बारिश की वजह से लोगों को तपती और झुलसाती गर्मी से फिलहाल राहत मिली हुई है. मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक इन राज्यों में बारिश का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड, सहित कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ-साथ तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अभी गर्मी से राहत जारी रहेगी, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस,अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और हवा की वजह से लोगों को लू वाली गर्मी नहीं सताएगी.
इन राज्यों में होगी बारिश, मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों से कई राज्यों में हो रही बारिश में आज से कमी आने लगेगी. यूपी, झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश में कुछ ही जगहों पर बारिश होगी. वहीं, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार, तेलंगाना गोवा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आज हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं. बिहार और गुजरात के भी कई जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है. उत्तर बिहार में बुधवार को भी तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. इस दौरान बारिश और ठनका गिरने की भी आशंका है.





