ISI एजेंट के प्यार में फंसी माधुरी, पढ़ें टॉप 10 केस

गुजरात के बलसाड से बीजेपी के लोकसभा सांसद केसी पटेल कथित तौर पर हनी ट्रैप के शिकार हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक ‘हाई प्रोफाइल’ महिला ने उसे अपने घर बुलाकर नशीला पेय पिलाया और फिर आपत्तिजनक स्थिति में उनकी तस्वीरें खींच ली और वीडियो भी बनाया। अब उन्हें इसके लिए ब्लैकमेल कर 5 करोड़ रुपये मांगे जा रहे हैं। भारत में हनी ट्रैप का मामला अक्सर सामने आता रहता है। पिछले कुछ वर्षों में सेना और रॉ के कई अधिकारी इसका शिकार हो चुके है। 

 ISI एजेंट के प्यार में फंसी माधुरी, पढ़ें टॉप 10 केस

द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान ही दुनिया के अधिकतर देश दुश्मन का राज जानने के लिए महिला जासूसों का सहारा लेना शुरू किया। इन महिला जासूसों को काम दुश्मन देशों के अधिकारियों से नजदीकियां बढ़ाकर अहम दस्तावेज या खुफिया जानकारी लेना होता था। कई मामलों में महिला अपने शिकार को ब्लैकमेल भी करती है। अगर शिकार की कोई आपत्तिजनक तस्वीर या खास बातचीत की कोई डिटेल हाथ लग जाए तो उसे जगजाहिर करने की धमकी भी दी जाती है। बदनामी के डर से शिकार व्यक्ति या तो राज उगल देता है। 

आइये आपको बताते देश-दुनिया के 10 बड़े हनी ट्रैप के मामले

ISI की चंगुल में फंसा एयरफोर्स जवान रंजीत केके 

दिसंबर 2015 में भारतीय वायुसेना के कर्मचारी रंजीत केके को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को संवेदनशीलजानकारी भेजने के आरोप में पंजाब के बठिंडा शहर से गिरफ्तार किया गया था। भटिंडा एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात रंजीत कई साल से सोशल मीडिया पर दामिनी मैकनॉट नाम की महिला के संपर्क में था। दामिनी खुद को यूके की एक मैगजीन की एंप्लॉई बताती थी। मैगजीन में पब्लिश करने के नाम पर रंजीत से एयरफोर्स की तमाम सूचनाएं हासिल कर ली थीं। इसके बदले रंजीत के अकाउंट में एक बार 25 हजार और दूसरी बार 5,000 रुपये भी ट्रांसफर किए थे। दिलचस्प बात यह है कि दामिनी नाम की कोई महिला नहीं थी बल्कि आईएसआई ने फर्जी अकाउंट बनाकर रंजीत को हनी ट्रैप में फंसाया। 

चीन में रॉ अफसर हुआ शिकार

मई 2008 में बीजिंग में तैनात रॉ के अफसर मनमोहन शर्मा पर जासूसी का आरोप लगा। कहा गया कि चीनी लड़की के प्यार में पड़कर शर्मा ने तमाम खुफिया जानकारी उगल दी। अक्टूबर 2007 में भी रॉ के एक और अफसर रवि नायर को हांगकांग से वापस बुला लिया गया। रवि नायर पर भी चीन की लड़की के प्यार में खुफिया जानकारी चीन को देने का आरोप लगा।

दिल्‍ली हनी ट्रैप केस

जुलाई 2016 मे दिल्‍ली में भी हनी ट्रैप का एक मामला सामने आया था। एक गैंग पहले सोशल साइट के जरिए लड़कों से दोस्ती कर उसे हनी ट्रैप में फंसाता था। इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल समेत ऐसे छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ रहे थे।

आईएसआई एजेंट के प्यार में फंसी माधुरी

कई बार हनी ट्रैप की शिकार महिलाएं भी होती हैं। साल 2010 में पाक दूतावास में तैनात आईएफएस ऑफिसर माधुरी गुप्ता पर देश के साथ गद्दारी का आरोप लगा। माधुरी गुप्ता ने आईएसआई के एक एजेंट के प्यार में पड़कर भारत-पाकिस्तान विदेश वार्ता के दस्तावेज लीक कर दिए थे।

हनी ट्रैप के चक्कर में केरल के परिवहन मंत्री के शशींद्रन का इस्तीफा

पिछले महीने एक विवादित ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद केरल के परिवहन मंत्री ए. के. शशींद्रन को इस्तीफा देना पड़ा। ये ऑडियो क्लिप एक मलयालम टीवी चैनल ने जारी किया था। कथित तौर पर कहा गया कि ये हनी ट्रैप का मामला है। इस मामले में मलयालम चैनल के सीईओ सहित आठ लोगों पर केस दर्ज किया जा चुका है।

दुनिया की पहली महिला जासूस के फेर में फ्रांसीसी सेना दीवानी

पहले विश्व युद्ध की सबसे चर्चित जासूसों में गिनी गईं माता हारी पेशे से एक डांसर थीं। पहले विश्वयुद्ध के दौरान उन्होंने जर्मनी के लिए जासूसी की। वह फ्रांस में फ्रांसीसी अफसरों को लुभातीं और उनके राज पता करतीं। 24 जुलाई 1917 को माता हारी को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया गया था।

सेक्स वर्कर के चलते ब्रिटिश मंत्री को देना पड़ा इस्तीफा

1960 के दशक में ब्रिटेन में चर्चित सेक्स स्कैंडल में ब्रिटिश मंत्री जॉन प्रेफूमो को इस्तीफा देना पड़ा। 1961 में जॉन ब्रिटेन के युद्ध मंत्री थे। उनका संबंध ‘एक हाई सोसायटी गर्ल’ क्रिस्टीन कीलर से था जो कथित तौर पर रूसी जासूस की सहयोगी थी। इस विवाद में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री हैरॉल्ड मैक्मिलन को भी इस्तीफा देना पड़ा था।

मोसाद गर्ल की कहानी

इजराइल की खुफिया एजेंसी अपने दुश्मनों को जिंदा नहीं छोड़ने के लिए मशहूर है। 1986 में दुनिया को इजराइल के परमाणु कार्यक्रम के बारे में नहीं पता था। इजराइल के एक परमाणु संयंत्र में काम कर रहे एक तकनीशियन मोर्देचै वानुनु ने ब्रिटेन के एक न्यूज पेपर को परमाणु कार्यक्रम की तस्वीरें और जानकारी देने का वायदा किया। इसकी भनक मोसाद को लग गई। मोर्देचै को हनी ट्रैप के जरिए फंसाया गया। मोसाद की एक महिला चेरिल बेन तोव एजेंट ने उसे रोम में बुलाया जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे 18 साल की सजा मिली। 

समलैंगिक पत्रकार फंसा केजीबी के जाल में

1960 के दशक के शुरूआत में मॉस्को में लंदन डेली टेलीग्राफ के संवाददाता जेरेमी वोल्फेंडन की कहानी दुखद है। जेरेमी समलैंगिक थे और केजीबी ने एक एजेंट को भेजकर उनकी निजी तस्वीरें निकाल ली। केजीबी ने उन्हें ब्लैकमैल करके मॉस्को में यूरोपियन लोगों के जासूसी करने का काम सौंपा।

Back to top button