IPL 9:रॉयल चेलैंजर्स बेंगलुरु ने किंग्स इलेवन पंजाब को 1 रन से हराया

कप्तान मुरली विजय की 89 रन की शानदारी पारी के बावजूद किंग्स इलेवन पंजाब को रॉयल चेलैंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल नौ के आखिरी गेंद तक खिंचे बेहद रोमांचक मुकाबले में सोमवार को एक रन से हार का सामना करना पड़ा।
बेंगलुरु ने छह विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया था। पंजाब को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रन और अंतिम गेंद पर चौका चाहिए था लेकिन प्रीति जिंटा की टीम चार विकेट पर 174 रन बनाकर घरेलू समर्थकों को मायूस कर गई।
विराट कोहली की बेंगलुरु टीम की नौ मैचों में यह चौथी जीत है जबकि पंजाब को 10 मैचों में सातवीं हार का सामना करना पड़ा।
पंजाब को कप्तान मुरली विजय और हाशिम अमला ने ठोस शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 45 रन साझेदारी की। पंजाब ने 45 रन के स्कोर पर हाशिम अमला (21) का विकेट गंवा दिया। अमला ने 20 गेेंदों में 21 रन की अपनी पारी में दो चौके लगाए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए साहा ने 13 गेंदों में एक चौके की मदद से 16 रन बनाए। विजय ने दूसरे विकेट के लिए साहा के साथ 5.2 ओवर में 43 रन की साझेदारी की। विजय नेे 57 गेदों में 89 रन की अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया।
विजय के अलावा मार्कस स्टोएनिस (नाबाद 34) ने पांचवें विकेट के लिए फरहान बेहरडियन (9) के साथ 3.0 ओवर में 35 रनों की साझेदारी की लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। स्टोएनिस ने 22 गेंदों में नाबाद 34 रन की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।
बेंगलुरु की तरफ से शेन वाटसन ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट हासिल किये। इसके अलावा चहल ने 30 रन पर एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले आतिशी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स (64) के शानदार अर्धशतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने छह विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और पंजाब को 174 रन पर रोक दिया।
बेंगलुरु ने टॉस हारने के बाद अच्छी शुरुआत की और कप्तान विराट कोहली (20) तथा लोकेश राहुल (42) ने ओपनिंग साझेदारी में 63 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद बेंगलुरु ने चार रन के अंतराल में तीन विकेट गंवा दिए।
डीविलियर्स ने बेंगलुरु को इस स्थिति से उबारते हुए 35 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 64 रन की बेहतरीन पारी खेली। डीविलियर्स का इस सत्र में यह चौथा अर्धशतक था। उन्होंने सचिन बेबी (33) के साथ चौथे विकेट के लिए 9.1 ओवर में 88 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सचिन बेबी ने 29 गेंदों की अपनी पारी में एक चौका लगाया।
पिछले मैच में शानदार शतक लगाने वाले कप्तान विराट ने इस बार 21 गेंदों पर 20 रन में दो चौके लगाए। विराट और राहुल ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 63 रन की साझेदारी की। लेग स्पिनर के सी करियप्पा ने राहुल को बोल्ड किया। राहुल ने 25 गेंदों पर 42 रन में छह चौके और एक छक्का लगाया।
करियप्पा ने इसी ओवर में विराट को अपने कप्तान मुरली विजय के हाथों लपकवा दिया। लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल ने शेन वाटसन (1) को बोल्ड कर दिया। डीविलियर्स ने एक छोर संभालकर खेलते हुए अपने 50 रन 30 गेंदों में पूरे किए। डीविलियर्स 18वें ओवर में संदीप शर्मा का शिकार बने।
ट्रेविस हैड (11) आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर संदीप का दूसरा शिकार बन गये। सचिन बेबी अंतिम गेंद पर दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। संदीप शर्मा ने 49 रन पर दो विकेट, करियप्पा ने 16 रन पर दो विकेट और पटेल ने 27 रन पर एक विकेट लिया।





