IPL 2019: जब इन चार भारतीय क्रिकेट ने मैदान पर दिखाई ”गरमागरमी”…….


इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2019) के अंतर्गत अब तक खेले गए मैचों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं. कुछ मैच ऐसे भी हुए जिसमें किसी एक खिलाड़ी ने बल्ले, गेंद या फील्डिंग में अपने अकेले के प्रदर्शन से मैच का रुख बदल डाला. इन जोरदार प्रदर्शन के बीच आईपीएल के इस सीजन के दौरान ऐसी घटनाएं भी सामने आईं जब दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना आपा खोते नजर आए. गरमागरमी के इस माहौल में इन्होंने मैदान पर ऐसा व्यवहार किया जिसकी उनसे अपेक्षा नहीं थी. उनका यह व्यवहार खेल भावना के विपरीत माना गया. टूर्नामेंट के अंतर्गत अब तक हुए मैचों में टीम इंडिया के चार दिग्गज खिलाड़ियों एमएस धोनी (MS Dhoni), विराट कोहली (Virat Kohli), रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) का व्यवहार क्रिकेटप्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

जब एमएस धोनी ने मैदान में घुसकर अम्पायर से की बहस
इंडियन प्रीमियर लीग के अंतर्गत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (RR vs CSK)के मैच में हालांकि CSK ने रोमांचक जीत हासिल की लेकिन यह मैच एक विवाद को जन्म दे गया. मैच के आखिरी ओवर में राजस्थान के बेन स्टोक्स (Ben Stokes) की नोबॉल को लेकर हुए विवाद के कारण सीएसके के ‘कैप्टन कूल’ आपा खो बैठे. गुस्साए धोनी मैदान में पहुंच गए और उनकी इस मुद्दे पर दोनों ग्राउंड अम्पायर से बहस हुई. धोनी का इस तरह बीच मैच के दौरान ही मैदान में पहुंचने उनके प्रशंसकों को हैरान कर गया. उन्हें धोनी (MS Dhoni) से इस तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी. धोनी की नाराजगी इस बात को लेकर थी कि अम्पायर ने कमर से अधिक ऊंचाई की गेंद को नोबॉल नहीं दिया. अम्पायर से हुई नोकझोंक के बाद धोनी वापस डगआउट एरिया में लौट आए और खेल फिर शुरू हुआ. धोनी को मैदान पर इस तरह का व्यवहार करते देखकर उनके प्रशंसकों को निराशा हुई. कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी एमएस के इस व्यवहार को गलत बताया. उन्हें आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी माना गया. इस व्यवहार के लिए धोनी की मैच फीस में 50 फीसदी की कटौती की गई.
अश्विन का कैच लेने के बाद कोहली की ‘वह’ आक्रामक प्रतिक्रिया
विराट कोहली (Virat Kohli) को मैदान पर उनके आक्रामक रवैये के कारण जाना जाता है. हालांकि इस व्यवहार के चलते कई बार वे सीमा लांघ जाते हैं. जरूरत से ज्यादा आक्रामक अंदाज प्रदर्शित करने के लिए कोहली कई बार आलोचना का शिकार भी बने हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और किंग्स इलेवन पंजाब (RCB vs KXIP)के मैच के आखिरी क्षणों में विराट (Virat Kohli) का रविचंद्रन अश्विन के साथ ऐसा ही व्यवहार सुर्खियों में रहा. आखिरी ओवर में रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) की किंग्स इलेवन को जीत के लिए 27 रन की जरूरत थी. अश्विन स्ट्राइक पर थे, उन्होंने उमेश यादव की पहली गेंद को छक्के के लिए बाउंड्री के बाहर भेज दिया. किंग्स इलेवन के कप्तान ने अगली गेंद पर भी ऐसा ही शॉट खेलने की कोशिश की और बाउंड्री पर कोहली के हाथों ही लपक लिए गए. यह कैच लेने के बाद कोहली ने ऐसाव्यवहार किया जो ज्यादातर लोगों को रास नहीं आया. उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में अश्विन को ‘सेंड ऑफ’ किया. भारतीय टीम के अपने सहयोगी खिलाड़ी के प्रति कोहली का यह व्यवहार हैरान करने वाला रहा.

आउट होने के बाद रोहित शर्मा ने गिरा दिए ‘बेल्स’
टूर्नामेंट के अंतर्गत रविवार, 28 अप्रैल को खेले गए मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने मुंबई इंडियंस (KKR vs MI)को 34 रन से हरा दिया. इस मैच के दौरान एक क्षण ऐसा आया जब मुंबई इंडियंस (MI)के कप्तान आउट घोषित किए जाने के बाद खफा होते नजर आए. एलबीडब्ल्यू के अम्पायर के फैसले पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने बल्ले से स्टंप को भी हिट किया. आमतौर पर मैदान पर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को ऐसा व्यवहार करते हुए नहीं देखा जाता है. रोहित को हैरी गर्नी की गेंद पर LBW घोषित किया गया लेकिन मुंबई इंडियंस के कप्तान फैसले से संतुष्ट नहीं थे, उन्होंने रिव्यू भी लिया लेकिन टीवी अम्पायर का फैसला ग्राउंड अम्पायर के पक्ष में आया. रोहित शर्मा इस फैसले से निराश और नाराज थे. ऐसे में पवेलियन लौटते हुए उनकी अम्पायर के साथ कुछ बात भी हुई. यही नहीं, पवेलियन लौटते वक्त रोहित शर्मा ने वक्त नॉन स्ट्राइकर एंड की बेल्स भी गिरा दीं. इस व्यवहार के लिए रोहित पर मैच फीस की 15 फीसदी राशि का जुर्माना लगाया गया.
जब अश्विन ने चेतावनी दिए बिना कर दी ‘मांकड़िग’, हुए ट्रोल
आईपीएल (IPL 2019) के राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के मैच में किंग्स इलेवन के कप्तान आर. अश्विन ने राजस्थान के जोस बटलर को मांकड़िंग करके आउट किया. बटलर उस समय 43 गेंद में 69 रन बनाकर खेल रहे थे जब अश्विन ने उन्हें चेतावनी दिये बिना ‘मांकड़िंग’ करके आउट किया. खेल के नियमों के अनुसार तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट दिया लेकिन इस तरह से किसी बल्लेबाज को आउट करना खेलभावना के विपरीत माना जाता है. इसके बाद बटलर और अश्विन (Ravichandran Ashwin) के बीच बहस भी हुई. मैच के दौरान दूसरे छोर पर खड़ा बल्लेबाज अगर गेंदबाज के हाथ से गेंद छूटने से पहले क्रीज से बाहर निकल आये तो उसे रन आउट करने को ‘Mankading’ कहते हैं. अश्विन के ऐसा करने पर कई दिग्गज लोगों ने अश्विन को आड़े हाथों लिया था.





