IPL 2019: पंजाब की मोहाली के मैदान पर लगातार छठीं जीत है, मोहाली में पंजाब का जलवा कायम

सैम कुर्रन की हैट्रिक व मुहम्मद शमी की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने सोमवार को यहां मोहाली के पीसीए स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स को 14 रनों से हराकर आइपीएल के 12वें सत्र में तीसरी जीत दर्ज।

पंजाब की ओर से बनाए गए 166 रनों के जवाब में दिल्ली की टीम 19.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी। यह पंजाब की मोहाली के मैदान पर लगातार छठीं जीत है। शनिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ छह गेंद में छह रन नहीं बना पाने के बाद सुपर ओवर में मैच जीतने की किस्मत इस बार दिल्ली का साथ नहीं दे सकी। आखिरी छह ओवर में दिल्ली को 50 रनों की जरूरत थी, लेकिन तभी दिल्ली की किस्मत उन्हें दगा दे गई या यूं कहें कि कुर्रन की हैट्रिक ने मैच पूरी तरह से बदल दिया।

कुर्रन ने मैच के 18वें ओवर में दिल्ली की ओर से बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे कॉलिन इंग्राम (38) और हर्षल पटेल (00) को आउट कर मैच का पासा ही पलट दिया। इसके बाद मुहम्मद शमी ने 19वें ओवर में हनुमा विहारी को बोल्ड कर दिया। अतिंम ओवर में कुर्रन ने दिल्ली के कैगिसो रबादा (00) व संदीप लामिछाने (00) को बोल्ड कर मैच जीत लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और किंग्स की ओर से पहला ओवर कर रहे कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने पृथ्वी शॉ (00) को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद दिल्ली की ओर से शिखर धवन व कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को आगे बढ़ाते हुए 6.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद श्रेयस को विल्जोन ने क्लीन बोल्ड कर दिया।

श्रेयस ने 28 रनों की पारी खेली। दूसरे छोर पर जमे धवन को रविचंद्रन अश्विन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। शिखर ने अपनी पारी के दौरान 25 गेंदों पर चार चौके की मदद से 30 रन बनाए।

पारी को संभालने के लिए क्रीज पर आए रिषभ पंत और कोलिन इंग्राम ने पारी को बढ़ाते हुए 12.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 101 रन पर पंहुचा दिया। चौथे विकेट के लिए पंत व इंग्राम ने 61 रनो की साझेदारी की। पंत को 39 रन पर किंग्स के गेंदबाज शमी ने बोल्ड कर दिया।

इससे पहले अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गेंदबाजों ने उनके इस फैसले को सही साबित किया और मैच के दूसरे ओवर में क्रिस मौरिस ने किंग्स इलेवन के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (15) को एलबीडब्ल्यू आउट कर सस्ते में निपटा दिया। राहुल ने 11 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए।

दिल्ली को दूसरी कामयाबी कुर्रन के रूप में मिली, उन्हें स्पिनर संदीप लामिछाने ने मैच के चौथे ओवर की अंतिम गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। सैम ने 10 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाकर 20 रन बनाए। इसके बाद मयंक अग्रवाल व सरफराज खान ने पारी को आगे बढ़ाते हुए 5.5 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पंहुचाया। इसके बाद ही मयंक (06) रन चुराने के चक्कर में जैसे ही आगे बढ़े धवन ने रन आउट कर पंजाब को तीसरा झटका दिया।

पंजाब की ओर से सरफराज व मिलर ने चौथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 12 ओवर में सौ रन के पार पंहुचा दिया। पंजाब की खतरनाक दिख रही जोड़ी को दिल्ली के गेंदबाज संदीप लामिछाने ने विकेटकीपर पंत के हाथो सरफराज खान को आउट कर टीम को सफलता दिलाई। सरफराज ने छह चौके की मदद से 29 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली।

सरफराज के आउट होने के बाद मिलर भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और मौरिस की गेंद पर पंत को कैच दे बैठे। मिलर ने 30 गेदो पर दो छक्के व चार चौके की मदद से 43 रन की पारी खेली। रविचंद्रन (03) भी कुछ खास नहीं कर सके और मौरिस की गेंद पर बोल्ड हो गए।

अतिंम पांच ओवर में पंजाब की बल्लेबाजी काफी खराब रही, लेकिन मंदीप सिंह ने रबादा के अंतिम ओवर के पांचवीं व छठी गेद पर चौका व छक्का लगाकर नाबाद 29 रनों की पारी खेल कर पंजाब के स्कोर को 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 166 रन पर पहुंचा दिया। दिल्ली की ओर से मौरिस सबसे कामयाब गेदबाज रहे। उन्होने 30 रन देकर तीन विकेट झटके। 

Back to top button