IPL 2017: अंतिम गेंद पर जीत दिलाने के बाद धोनी ने कही ये बड़ी बात

राइजिंग पुणे सुपरजायंट को शनिवार को आईपीएल 2017 में अंतिम गेंद पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दिलाने के बाद महेंद्रसिंह धोनी ने महत्वपूर्ण राज उजागर किया। धोनी ने कहा, वर्तमान क्रिकेट में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है चाहे कितने भी विकेट हो चुके, बशर्ते बल्लेबाज शांत बना रहे।

धोनी ने 34 गेंदों पर 61 रनों की नाबाद पारी खेलकर पुणे को सनराइजर्स पर 6 विकेट से जीत दिलाई। पुणे को अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे और धोनी ने अंतिम गेंद पर विजयी चौका जड़ा।

मैन ऑफ द मैच चुने गए धोनी ने कहा, इस मैच में परिस्थितियां बहुत कठिन थी, लेकिन हमारे पास फायदा था कि अंत तक अच्छे स्ट्राइकर्स मौजूद थे। हम राशिद के ओवर खत्म करना चाहते थे। हमने हवा का लभ उठाते हुए शॉट्‍स खेले। मनोज ने योगदान दिया और उन्होंने गेंदें बर्बाद नहीं की।

धोनी ने कहा, इन दिनों क्रिकेट में कोई भी रन रेट ज्यादा नहीं होता है। महत्वपूर्ण यह होता है कि विपक्षी गेंदबाज कैसे बॉलिंग करते हैं। इसलिए यह महत्वपूर्ण नहीं होता है कि सातवां, आठवां, नौंवा या दसवां बल्लेबाज क्रीज पर है। सबसे महत्वपूर्ण शांत बने रहना होता है, क्योंकि हड़बड़ी में गलती होती है।

 

Back to top button