IPL-12: देखे इस VIDEO में, क्रिस लिन का जोरदार छक्का भी नहीं तोड़ पाया कार का शीशा

टाटा हैरियर कार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में लगातार चर्चा में है. यह लीग की आधिकारिक साझेदार है. कमेंटेटर्स ने समय-समय पर इस एसयूवी कार के बारे में बताया है. रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में कोलकाता के क्रिस लिन ने दर्शकों को इस कार की मजबूती को दिखाने का ‘लाइव डेमो’ दिया.
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर लिन बेहतरीन लय में बल्लेबाजी कर रहे थे. इसी बीच उन्होंने 11वें ओवर में राजस्थान के लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल पर एक स्वीप शॉट लगाया, जो स्टैंड के पास रखी गई कार की विंडशील्ड पर जा लगा. हैरानी वाली बात यह थी कि कार के कांच पर खरोंच तक नहीं आई. कंपनी इससे बेहतर विज्ञापन के बारे में सोच भी नहीं सकती.
राजस्थान की टीम इस मैच में अच्छी शुरुआत नहीं कर पाई थी, जबकि लिन (50 रन, 32 गेंदों में ) और सुनील नरेन (47 रन, 25 गेंदों में) की सलामी जोड़ी ने कोलकाता को बेहतरीन शुरुआत दी. लिन ने इस मैच में 31 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था. कोलकाता ने 140 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह मुकाबला 8 विकेट से जीता था.
मैच के बाद लिन ने कहा, ‘मेरी किस्मत ने एक बार फिर मेरा साथ दिया, लेकिन हम जानते थे कि हमें पावर प्ले में तेजी से रन बनाने होंगे. पावरप्ले अच्छा रहा और इसके बाद हमारी टीम नियंत्रण में थी.’
उन्होंने कहा, ‘नरेन की बल्लेबाजी अविश्वसनीय थी. वह हमारे लिए यह बीते कुछ साल से करते आ रहे हैं. हम ज्यादा बात नहीं करते हैं. बस स्थिति को सहज रखते हैं. मैं आम तौर पर धीमी शुरुआत के लिए जाना जाता हूं. यह लंबा टूर्नामेंट है. हम महत्वपूर्ण जीतों के साथ आगे बढ़ रहे हैं.’
TATA Harrier strong enough for a Lynnsane SIX https://t.co/dxWC6iuGGl via @ipl
— Bishwa Mohan Mishra (@mohanbishwa) April 9, 2019





