आईपीएल-11: 16 मार्की खिलाड़ियों में स्टोक्स, गेल, अश्विन, धवन को मिलेगी यह मोटी रकम

विवादों में घिरे इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आईपीएल के खिलाड़ियों की नीलामी में शामिल 16 मार्की खिलाड़ियों में मौजूद हैं. यह नीलामी 27 और 28 जनवरी को बेंगलुरू में होगी.

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और इंग्लैंड के कप्तान जो रूट उन शीर्ष विदेशी खिलाड़ियों में मौजूद हैं, जिनकी नीलामी की जाएगी. रूट भी मार्की खिलाड़ियों की सूची में शामिल है. बुधवार को स्टोक्स को इंग्लैंड के लिए खेलने की अनुमति मिल गई, जबकि उन पर झगड़ा करने का आरोप है. उन्हें सितंबर में नाइटक्लब के बाहर हुई झड़प की घटना में शामिल होने के कारण ईसीबी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने से निलंबित कर दिया था.
एक हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण किया था, लेकिन बीसीसीआई ने छंटनी कर इसे 578 खिलाड़ियों का कर दिया. खिलाड़ियों को उनके प्रोफाइल के आधार पर आठ स्लैब में रखा गया है. अंतरराष्ट्रीय (भारतीय और विदेशी) के लिये स्लैब क्रमश: दो करोड़ रुपये, 1.5 करोड़ रुपये, एक करोड़ रुपये, 75 लाख रुपये और 50 लाख रुपये हैं, जबकि अनकैप खिलाड़ियों का आधार मूल्य क्रमश: 40 लाख रुपये, 30 लाख रुपये और 20 लाख रुपये हैं. आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने विज्ञप्ति में कहा, ‘आईपीएल खिलाड़ी नीलामी में एक क्रिकेटर के चुने जाने से पहले काफी रणनीति बनाई जाती है. इससे यह नीलामी काफी रोमाचंक और अनिश्चित हो जाती है.’
क्रिस लिन भी दो करोड़ रुपये के दायरे में हैं. सूची के अनुसार दो करोड़ के स्लैब में 36 क्रिकेटर हैं, जबकि 32 ने खुद को 1.5 करोड़ की सूची में रखा है. एक करोड़ में 31, 75 लाख रुपये में 23, 50 लाख रुपपये में 122 खिलाड़ी हैं.





