IPL: मैच की थकान और फ्लाइट के इंतजार में धोनी जमीन पर सोते नज़र आए, तस्वीर वायरल

 चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को एक तस्वीर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। इस तस्वीर में धोनी जमीन पर सोते नज़र आ रहे हैं। दरअसल, आईपीएल 2019 के 23वें मैच में अपने होम ग्राउंड पर कोलकाता नाईट राइडर्स को हराने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम थोड़ी बहुत देर आराम करने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर पहुंची थी। यहां से टीम को राजस्थान के जयपुर अपने अगले मैच के लिए रवाना होना था। लेकिन, फ्लाइट सुबह की थी और खिलाड़ी जल्दी एयरपोर्ट पहुंच गए ऐसे में थक हारकर धोनी और उनकी पत्नी साक्षी एयरपोर्ट के फ्लोर पर ही सो गए।

एमएस धोनी ने खुद इस बात का जिक्र इस फोटो के कैप्शन में किया है। अपनी और अपनी पत्नी साक्षी की तस्वीर को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए धोनी ने लिखा है, “आईपीएल टाइमिंग के आदी होने के बाद अगर सुबह की फ्लाइट हो तो यही होता है।” महेंद्र सिंह धोनी की इस तस्वीर पर उनके फैंस ने अब तक हजारों कमेंट कर दिए हैं। माही के फैंस उनको जमीन से जुड़ा आदमी बता रहे हैं तो कोई उनके तारीफों के पुल बांध रहा है। यहां तक कि एक यूजर ने तो ये भी लिखा है कि शांत रहिए, भगवान आराम कर रहे हैं।     

आपको बता दें, कोलकाता नाइट राइडर्स को सात विकेट से हराकर चेन्नई सुपर किंग्स 10 अंकों के साथ IPL 2019 की प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। सीएसके से पहले केकेआर अंक तालिका में पहले स्थान पर थी। एम एस धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स इस बार डिफेडिंग चैंपियन की तरह ही खेल रही है। यही वजह है कि सीएसके अपने 6 मुकाबले में से 5 में बाजी मार चुकी है। सीएसके का अब अगला मुकाबला कल यानी गुरुवार, 11 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हैं। 

Back to top button