IPL9 :अाज रायपुर में डेयरडेविल्स और सनराइजर्स के बीच मुकाबला

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल-9 का 52वां मुकाबला खेला जाएगा। युवा खिलाड़ियों से भरी-पूरी दिल्ली की टीम इस मैच को जीतकर प्ले ऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखना चाहेगी। दूसरी तरफ हैदराबाद पहले ही प्ले ऑफ में पहुंच चुकी है। ऐसे में दिल्ली के लिए यह करो या मरो का मुकाबला होगा।
दिल्ली के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान जहीर खान हैं। दोनों अपने अनुभव के दम पर टीम को प्ले ऑफ में पहुंचाने की पूरी कोशिश करेंगे। दूसरी तरफ आईपीएल के इस सत्र की शीर्ष टीम हैदराबाद भी युवाओं से भरी है। इसकी अगुआई कप्तान डेविड वॉर्नर कर रहे हैं। वहीं टॉम मूडी और मुथैय्या मुरलीधरन जैसे अनुभवी टीम की कोचिंग कर रहे हैं। ऐसे में दोनों युवा टीमों के बीच मुकाबला टक्कर का होने वाला है।
दूसरा मुकाबला
दोनों टीमों के बीच इस आईपीएल सत्र का यह दूसरा मुकाबला होगा। 8 दिन पहले हैदराबाद में खेले गए पहले मैच में दिल्ली ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया था। आईपीएल-8 में दोनों टीमों के बीच रायपुर में पहला मुकाबला खेला गया था। तब हैदराबाद ने दिल्ली को शिकस्त दी थी।
अब तक का सफर
दिल्ली डेयरडेविल्स
12 मैच, 6 जीत, 6 हार (12 अंक)
सनराइजर्स हैदराबाद
12 मैच, 8 जीत, 4 हार (16 अंक)
इन पर रहेंगी निगाहें
दिल्ली – जहीर खान, क्विंटन डिकॉक, जेपी डुमिनी, क्रिस मोरिस, अमित मिश्रा, इमरान ताहिर
हैदराबाद – डेविड वॉर्नर, शिखर धवन, युवराज सिंह, मुस्तफिजुर रहमान, भुवनेश्वर कुमार, मोइजेज हेनरिक्स
द्रविड़ ने कहा- रायपुर में अगले साल से 4 मैच कराएं
‘दी वॉल’ के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान और दिल्ली के मेंटर राहुल द्रविड़ ने रायपुर के क्रिकेट स्टेडियम की तारीफ करते हुए दिल्ली फ्रेंचाइजी को कहा कि अगले साल से टीम चार मैचों के लिए इसे अपना होमग्राउंड बनाए। द्रविड़ इस स्टेडियम में दूसरी बार पहुंचे। आईपीएल शुरू होने से पहले युवा खिलाड़ियों का यहां पांच दिन का ट्रेनिंग कैंप लगा था। तब भी द्रविड़ को यह स्टेडियम काफी पसंद आया था।





