IPL के बाद इंग्लैंड में शुरू हो रहे विश्व कप को लेकर टीम मैनेजमेंट के लिए यह चिंता का सबब हो सकता है

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12वें सीजन में भारतीय टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अबतक कुछ खास नहीं रहा है। मई में आइपीएल के बाद इंग्लैंड में शुरू हो रहे विश्व कप (CWC) को लेकर टीम मैनेजमेंट के लिए यह चिंता का सबब हो सकता है। इस सीजन न सिर्फ कुछ भारतीय बल्लेबाज खराब प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि गेंदबाजों ने भी कोई उम्दा प्रदर्शन नहीं किया है। जसप्रीत बुमराह भी अभी आंख की चोट से जूझ रहे हैं। ऐसे में सभी की निगाहें 15 अप्रैल को होने वाले टीम के ऐलान पर होगीं।
ओपनर्स में निरंतरता की कमीः भारतीय टीम के ओपनर्स रोहित शर्मा और शिखर धवन अबतक आइपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। शिखर ने अबतक खेले छह मैचों में 25 की औसत से 152 रन बनाए हैं। वह लगातार स्पिन के खिलाफ जूझते नजर आ रहे हैं। धवन का स्ट्राइक रेट भी कुछ खास नहीं है। टी-20 जैसे फॉर्मेट में भी उनका स्ट्राइक रेट मात्र 116.03 का है और वह फील्ड में लगातार कैच भी छोड़ रहे हैं। वहीं, मुंबई की ओर से खेलने वाले रोहित ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। रोहित ने पांच मैचों में 23 के औसत से 118 रन बनाए हैं। रोहित अब तक आइपीएल 2019 में एक पचासा नहीं मार पाए हैं। भारतीय टीम विश्वकप में अच्छी शुरुआत के लिए काफी हदतक इन दोनों पर निर्भर करेगी।
गेंदबाजी को लेकर भी चिंताः विश्वकप 2019 इस बार इग्लैंड में होगा, जहां तेज गेंदबाजों का दबदबा रहता है। भारतीय टीम के प्रमुख गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अभी तक बहुत खास गेंदबाजी का प्रदर्शन नहीं दिया है। इस सीजन डेथ ओवर्स में उन्होंने काफी रन दिए हैं। संजू सैमसन ने उनके एक ओवर में 24 रन बना दिए थे। इसके अलावा नितीश राणा और आंद्रे रसेल भी भुवी के खिलाफ रन बना चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर स्पिनर्स ने भी इस आइपीएल में बहुत खास नहीं किया है। युजवेंद्र चहल को छोड़ दें, तो दूसरे स्पिन विकल्प कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी भी इस आइपीएल में औसत साबित हुई है।
नंबर चार पर कौन करेगा वारः टीम इंडिया में नंबर चार को लेकर अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हांलाकि, मध्यक्रम में धौनी और हार्दिक पंड्या अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन चार नंबर के लिए दावेदार रायुडू, के एल राहुल, केदार और रिषभ पंत ने अभी तक आइपीएल में निरंतरता नहीं दिखाई है।
चोट पर भी है सवालः लगातार क्रिकेट खेलने से प्लेयर्स की फिटनेस को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मुंबई की ओर से खेलने वाले जसप्रीत पहले कंधे और अब आंख की चोट से जूझ रहे हैं। दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि भारत के तेज गेंदबाजों को वर्ल्ड कप से पहले आराम देना जरूरी है।





