भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच वन-डे मैच की सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही।
मेहमान टीम समाचार लिखे जाने 23 ओवर्स के बाद 6 विकेट के नुकसान पर 73 रन ही बना पाई है। कप्तान जैसन होल्डर 15* और कीमो पॉल 1* क्रीज पर जमे हुए हैं।
ऐसे गिरे विंडीज के विकेट
पहला विकेट: पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने बेहद निराशाजनक आगाज किया। मेहमान टीम को मैच के पहले ही ओवर में कीरोन पॉवेल के रूप में पहला झटका लगा। सलामी बल्लेबाज पॉवेल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। भुवी ने कीरोन पॉवेल को विकेटकीपर धोनी के हाथों झिलवाया।
दूसरा विकेट: मेहमान टीम अभी इस सदमे से उबरी भी नहीं थी कि बुमराह ने अगले ओवर में शाई होप को बोल्ड कर दिया। सीरीज में दो शानादर पारी खेल चुके शाई होप एक बार फिर शून्य पर अपना विकेट गंवा बैठे। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर जसप्रीत बुमराह की अंदर आती गेंद को क्रीज पर पड़ने के बाद भांप नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए।
तीसरा विकेट: यहां से विंडीज टीम ने संभलकर खेलना शुरू किया। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मार्लोन सैमुअल्स ने जरूर कुछ अच्छे हाथ दिखाए। मगर जल्द ही उनकी पारी भी समाप्त हो गई। तीन चौके और एक छक्के की मदद से 38 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद वे रवींद्र जडेजा के शिकार हुए। एक्सट्रा कवर में कोहली ने उन्हें लपका।
चौथा विकेट: मेहमान टीम को हेटमेयर के रूप में चौथा झटका लगा। महज 9 रन बनाकर पहले वन-डे का शतकवीर जडेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गया। अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था, लेकिन जडेजा ने रिव्यू लिया और फैसला उनके पक्ष में रहा।
पांचवां विकेट: कैरेबियाई टीम की मुश्किलें उस वक्त और बढ़ गई जब खलील की बाउंसर को पुल करने के प्रयास में रोवमैन पॉवेल (16) ने डीप स्क्वेयर लेग पर धवन को कैच थमाया। इस तरह 57 रन पर इंडीज की आधी टीम पवेलियन में पहुंच गई।
छठा विकेट: 66 रन पर वेस्टइंडीज का छठा विकेट गिरा। फेबियन ऐलन चार रन बनाकर आउट हुए। बुमराह की एक शॉर्ट बॉल जो दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए अंदर की ओर आ रही थी उन्होंने उस पर हुक किया, लेकिन बल्ले का ऊपरी किनारा लेते हुए हवा में सैरती गेंद को लपकने में केदार जाधव ने कोई गलती नहीं की।
दोनों टीम इस प्रकार है:
इसके पहले विराट कोहली लगातार पांचवें वन-डे में टॉस जीतने से चूके। कैरेबियाई कप्तान जैसन होल्डर ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लेते हुए बताया कि उनकी टीम में दो बदलाव हैं।
मेहमान टीम ने एश्ले नर्स की जगह देवेंद्र बिशु और हेमराज की जगह ओशेन थॉमस को मौका दिया है। वहीं टीम इंडिया ने कोई बदलाव नहीं किया है।
भारतीय टीम मौजूदा सीरीज में 2-1 की बढ़त पर है। भारत अभी पांच मैचों की सीरज में 2-1 से आगे है। एक मैच टाई रहा है।
वेस्टइंडीज ने सीरीज 2-2 से बराबर करने के इरादे से पांचवें मैच के लिए अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं।
टीम इंडिया – रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह।
वेस्टइंडीज – कीरोन पॉवेल, शाई होप, मार्लोन सैमुअल्स, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, फेबियन ऐलन, कीमो पॉल, देवेंद्र बिशु, ओशेन थॉमस और केमार रोच।
30 साल बाद तिरुवनंतपुरम में वन-डे मैच
तिरुवनंतपुरम में करीब तीन दशक बाद वन-डे मैच खेला जा रहा है। पिछला वनडे भी भारत और वेस्ट इंडीज के बीच ही खेला गया था। तब वेस्ट इंडीज ने आसान जीत दर्ज की थी।
जैसन होल्डर की टीम उस समय की दिग्गज टीम से प्रेरणा लेकर सीरीज बराबर करना चाहेगी।