INDvsWI: शाई होप ने बताया कि वेस्टइंडीज के लिए मैच ड्रॉ होने के क्या हैं मायने

वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप गुरूवार को हुए दूसरे वनडे में अपने और टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं लेकिन मैच खत्म होने के बाद वे कुछ देर तक निराश जरूर दिखे थे. शाइ होप के नाबाद शतक से वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ दूसरा एक दिवसीय क्रिकेट मैच टाई करा लिया लेकिन इस बल्लेबाज ने कहा कि उनकी टीम को बाकी मैचों में अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी. होप ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘इस तरह की पारियों से आत्मविश्वास बढता है. हर पारी के बाद इसमें इजाफा होता है. हमें हालांकि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की आदत डालनी होगी.’’ INDvsWI: शाई होप ने बताया कि वेस्टइंडीज के लिए मैच ड्रॉ होने के क्या हैं मायने

जीत के लिए 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए होप ने उमेश यादव की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर स्कोर बराबर किया. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि आखिरी गेंद वाइड यार्कर होगी और मुझे उसे खेलना ही था. बल्ला पूरी तरह से गेंद पर नहीं लगा लेकिन उतना काफी था.’’ पहले मैच में शतक जमाने वाले शिमरोन हेटमेयर 94 रन पर आउट हो गए. उस समय वेस्टइंडीज को 18 ओवर में 101 रन चाहिए थे. होप ने कहा, ‘‘हेटमेयर के आउट होने के बाद हमने खेल में बदलाव किया. हमें अंत तक डटे रहना था.’’  

होप ने आखिरी गेंद पर चौका लगा कर किया मैच टाई
इस मैच के आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 14 रनों की दरकार थी और उसके सेट बल्लेबाज शाई होप (नाबाद 123) क्रीज पर मौजूद थे. आखिरी गेंद पर विंडीज को जीतने के लिए पांच रन चाहिए थे. होप ने उमेश यादव की गेंद पर डीप पॉइंट पर चौका मार मैच को टाई करा दिया. होप का यह दूसरा वनडे शतक है. होप ने पहले हेटमेयर के साथ 143 रनों की अहम साझेदारी की. 

दोनों टीमों की गेंदबाजी चिंता का विषय
वेस्टइंडीज टीम इस बात से काफी उत्साहित है कि उसने दोनों मैचों में ही 300 से ज्यादा रन बनाने में कामयाबी हासिल की. वहीं टीम इंडिया, खास तौर पर उसके गेंदबाजों के लिए यह चिंता की बात है. भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को रोकने में पूरी तरह से नाकाम रहे. इसका असर निश्चित तौर पर बाकी तीन वनडे के लिए चुनी जाने वाली टीम इंडिया के चयन पर जरूर पड़ेगा. वहीं वेस्टइंडीज टीम भी अपने गेंदबाजों से संतुष्ट नहीं होगी. विशाखापत्तनम में आखिरी पांच ओवर में अकेले विराट कोहली ने ही 50 रन जोड़ लिए थे. 

Back to top button